कोरोना वायरस से बचाव के लिए दुनिया में सबसे ज्यादा लोगों को वैक्सीन देने के मामले में भारत लगातार दूसरे स्थान पर मौजूद है। अभी तक अमेरिका पहला ऐसा देश है जहां 13 करोड़ से भी ज्यादा लोग वैक्सीन के जरिए कोरोना से सुरक्षा कवच धारण कर चुके हैं। वहीं भारत में अब तक 5.81 करोड़ को टीका लग चुका है।
शनिवार को स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पिछले एक दिन में 26 लाख से भी ज्यादा लोगों को वैक्सीन दी गई जिनमें 16 लाख से भी ज्यादा बुजुर्ग शामिल थे।
अब तक देश में 60 फीसदी टीकाकरण देश के आठ राज्यों में हुआ है। इस मामले में महाराष्ट्र शीर्ष पर है। इसके बाद राजस्थान,यूपी, केरल, गुजरात, बंगाल, कर्नाटक और एमपी में सबसे ज्यादा लोगों को वैक्सीन दी गई है।
80 लाख स्वास्थ्यकर्मियों को टीका
आंकड़ों पर गौर करें तो अब तक 96 लाख में से 80 लाख स्वास्थ्य कर्मचारी वैक्सीन ले चुके हैं। इनमें से 51 लाख ने ही दूसरी डोज लेकर कोर्स पूरा किया है। अब तक 87.52 लाख फ्रंटलाइन वर्कर ने वैक्सीन ली है जिनमें से 35 लाख ने दूसरी डोज भी ली है।
ये भी पढ़ें- Covid-19: महाराष्ट्र में आज से 15 अप्रैल तक रात्रि कर्फ्यू, मप्र के 12 शहरों में हर रविवार को लॉकडाउन, जानें बाकी राज्यों का हाल
हालांकि इन कर्मचारियों का लक्ष्य संख्या तीन करोड़ के आसपास है। इससे स्पष्ट है कि कोरोना टीकाकरण का पहला चरण 16 जनवरी से शुरू होने के बाद अब तक सभी लक्ष्य समूह को वैक्सीन देने में सफल नहीं हो सका है।
राज्य बढ़ाएं टीकाकरण
स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों का कहना है कि पहले चरण के समूह में शुरुआत से ही टीकाकरण मंद गति से आगे बढ़ रहा है। राज्यों से लगातार अपील की जा रही है। ताकि जल्द से जल्द कोरोना योद्धाओं को सुरक्षा कवच दिया जा सके।
ये भी पढ़ें- Corona In World: ब्राजील में एक दिन में रिकॉर्ड 3,650 मौतें, विश्व में संक्रमित 12.68 करोड़ के पार
वहीं एक मार्च से शुरू हुए दूसरे चरण की स्थिति देखें तो 27 दिन में 2.64 करोड़ बुजुर्ग वैक्सीन ले चुके हैं। अब होली के बाद मंगलवार से बुजुर्गों को दूसरी डोज लगना भी शुरू होगा।