भारत डेंगू-चिकनगुनिया बीमारी से निपटने के लिए न तो इलाज ढूंढ पाया है और न ही कोई टीका विकसित कर पाया है लेकिन अब जीका वायरस के तीन मामलों ने स्वास्थ्य मंत्रालय की चिंता बढ़ा दी है। अहमदाबाद में जीका वायरस से पीड़ित तीन मरीज कुछ माह पहले मिले हैं। लिहाजा जीका की पहचान के लिए देश भर में सर्विलांस तेज कर दिया गया है। राहत की बात है कि इसके बाद देश भर में तेज किए गए सर्विलांस में कहीं से कोई पॉजेटिव केस सामने नहीं आया है।
अहमदाबाद में एक पुरुष और दो महिलाओं में जीका वायरस सामने आने के बाद देशभर में करीब 30 हजार लोगों के नमूनों की जांच की गई है। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) की महानिदेशक डॉ.सौम्या स्वामीनाथन ने कहा कि तीन मरीजों के अलावा भारत में कहीं भी न तो कोई और मामला सामने आया है और न ही किसी मच्छर में जीका के वायरस मिले हैं।
देश में 30 हजार नमूनों के अलावा जीका के लिए जिम्मेदार एडीज मच्छरों की भी जांच की गई लेकिन किसी भी मच्छर में इसके वायरस नहीं मिले हैं। अभी भी देशभर में सर्विलांस चल रहा है और राज्यों को एडवायजरी भेजी गई है और किसी भी मरीज में इसके लक्षण दिखने पर मरीज के नमूनों को जांच के लिए कहा गया है।