देश की सिलीकॉन सिटी बेंगलुरु में भारी बारिश से बुरा हाल है। कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। अनेक परिसरों, सड़कों आदि इलाकों में कई फीट पानी भरा हुआ है। इस बीच 23 साल की एक स्कूटी सवार युवती की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक युवती का नाम अखिला बताया जा रहा है और वह एक स्कूल में काम करती थी।
सोमवार देर रात बेंगलुरु में भारी बारिश के कारण 23 साल की युवती की करंट लगने से मौत हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक, वह रात करीबन 9:30 बजे अपने घर वापस लौट रही थी, उस समय सड़क पर पानी इस कदर भरा हुआ था कि स्कूटी को चलाना तक मुश्किल था। ऐसे में वह पैदल उतर कर चलने लगी। तभी अचानक उसका पैर रास्ते के एक गड्ढे में चला गया और वह फिसल गई। गिरते समय पास में बिजली का पोल पकड़कर सहारा लेने के लिए जैसे ही उसने खंभे को पकड़ा, उसे करंट लग गया। करंट लगने के दौरान उसने मदद की गुहार भी लगाई, लेकिन कोई आगे नहीं आया। जब तक बिजली काटी गई उसकी मौत हो गई थी। बाद में अखिला को अस्पताल लेकर जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अखिला की मौत से लोगों में नाराजगी है। मृतक युवती के परिजनों ने अखिला की मौत के लिए स्थानीय निकाय प्रशासन और बीबीएमपी के साथ शहर के इलेक्ट्रिसिटी मैनेजिंग बोर्ड को जिम्मेदार ठहराया है।
कैब भी नहीं हो रही बुक
बेंगलुरु में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि कहीं जाने के लिए कैब भी बुक नहीं हो पा रही है। यहां एक यात्री ने कहा कि हम इस भारी बारिश में कोई कैब बुक नहीं कर पा रहे हैं। कुछ रेडियो कैब ड्राइवर सिर्फ एक किलोमीटर के लिए 200 रुपये तक ले रहे हैं।
बेंगलुरु में अगले 2-3 दिनों तक भारी बारिश
मौसम विभाग में वैज्ञानिक डॉ. गीता अग्निहोत्री ने बेंगलुरु के लिए आज की बारिश की रिपोर्ट जारी की। इलेक्ट्रॉनिक सिटी -8 सेमी, सिटी कार्यालय -4 सेमी, अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा-9.6 मिमी और एचएएल हवाई अड्डा -5 सेमी बारिश हुई। बेंगलुरु में अगले 2-3 दिनों तक भारी बारिश होगी, आज के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। तटीय और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में अगले 5 दिनों तक व्यापक बारिश, तीन दिनों तक व्यापक बारिश के बाद दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में अगले दो दिनों में भारी बारिश होगी। पूर्वानुमान के बीच दोबारा बारिश का दौर शुरू हो गई है।