कारगिल विजय के 20 साल पूरे होने के अवसर पर शनिवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में खास कार्यक्रम हुआ। विशेष समारोह के लिए पीएम नरेंद्र मोदी यहां पहुंचे और लोगों को संबोधित किया। इस दौरान उनके साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद थे। पीएम मोदी ने यहां कारगिल के शहीदों से जुड़ी प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
पाकिस्तान को स्पष्ट संदेश देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि करगिल विजय भारत के पराक्रम का प्रतीक थी और देश के प्रति सशस्त्र बलों की समर्पण भावना के साथ राष्ट्र की सुरक्षा अभेद्य रहेगी। कारगिल युद्ध के 20 वर्ष पूरे होने के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में मोदी ने कहा कि कुछ देश आतंकवाद को फैलाने के लिए छद्म युद्ध का सहारा ले रहे हैं।
मोदी ने दिल्ली में कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सैन्यकर्मियों और भूतपूर्व सैनिकों की मौजूदगी में कहा कि कारगिल की जीत भारत के पराक्रम, दृढ़ संकल्प और क्षमता का प्रतीक थी। उन्होंने कहा कि युद्ध सरकारों द्वारा नहीं बल्कि पूरे देश द्वारा लड़े जाते हैं, कारगिल की जीत आज भी पूरे देश को प्रेरणा देती है, कारगिल हर भारतीय की जीत थी।
इस दौरान कारगिल युद्ध में शहीद लांसनायक बचन सिंह के पुत्र लेफ्टिनेंट हितेश और उनकी मां कमलेश बाला भी यहां मौजूद थे। ले. हितेश ने उसी बटालियन को ज्वाइन किया है जिसमें उनके पिता शामिल थे।