आज 19 अक्तूबर 2026 को अश्विन माह के शुक्ल पक्ष की अष्टमी है। आज तमिलनाडु पुलिस 128 स्थानों पर आरएसएस के मार्च का समय तय करेगी। वहीं, यूपी में महानवमी पर सार्वजनिक अवकाश घोषित है।
उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार देंगे शेखावत
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत सोमवार सुबह 10 बजे नई दिल्ली के रवींद्र भवन स्थित मेघदूत परिसर में संगीत, नृत्य और नाटक के क्षेत्र में 106 युवा कलाकारों को वर्ष 2024 और 2025 के लिए उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार' प्रदान करेंगे। 'उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार' की शुरुआत संगीत नाटक अकादमी ने वर्ष 2006 में 40 वर्ष तक की आयु के युवा कलाकारों को सम्मानित करने के लिए की थी। तब से यह पुरस्कार हर साल एक विशेष समारोह में युवा कलाकारों को दिया जाता है।
दिल्ली में 25 अक्तूबर 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत लगेगी। यहां पुराने ट्रैफिक चालानों का निपटारा कराया जा सकता है। इसके लिए 19 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से ऑनलाइन टोकन मिलेंगे। टोकन लेने के लिए दिल्ली पुलिस के लोक अदालत वाले आधिकारिक पोर्टल पर जाना होगा। टोकन सीमित हैं, इसलिए समय रहते बुक कर लें। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
ओंकारेश्वर बंद का एलान
सिंहस्थ 2028 के विकास कार्यों से नुकसान होने की आशंका के चलते ओंकारेश्वर के लोगों ने सोमवार को नगर बंद रखने का एलान किया है। 19 मांगों पर सहमति नहीं बनने से लोग नाराज हैं। वे उचित मुआवजा, रहने के लिए जगह और रोजगार की सुरक्षा चाहते हैं। शुक्रवार को हुई सर्वदलीय बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और संतों ने कहा कि वे सिंहस्थ के विकास कार्यों के खिलाफ नहीं हैं। उनकी मांग है कि विकास के नाम पर स्थानीय लोगों को उनके घरों से न हटाया जाए और दुकानदारों का रोजगार न छीना जाए। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)