कुंभनगरी का सिरमौर इलाहाबाद हाईकोर्ट रविवार को एक और ऐतिहासिक पल का साक्षी बनेगा। इलाहाबाद हाईकोर्ट के 150वें स्थापना दिवस समारोह के तहत जहां इसकी गौरवशाली परंपरा रेखांकित की जाएगी, वहीं समारोह को यादगार बनाने के लिए सिक्का और डाक टिकट भी जारी किए जाएंगे।
विज्ञापन
हाईकोर्ट परिसर में आयोजित मुख्य समारोह का उद्घाटन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी करेंगे जबकि भारत के मुख्य न्यायाधीश टीएस ठाकुर विशिष्ट अतिथि होंगे।
सर्वोच्च न्यायालय के नौ न्यायमूर्तियों के अतिरिक्त कई उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीश, राज्यपाल राम नाईक, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, केंद्रीय कानून मंत्री सदानंद गौड़ा सहित अनेक विशिष्टजन शामिल होंगे।
समारोह के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एक दिन पहले शनिवार को ही पूरा हाईकोर्ट क्षेत्र सेना और एनएसजी के हवाले किया गया। कई जिलों की पुलिस और एलआईयू भी सुरक्षा में तैनात है।
विज्ञापन
2500 लोगों के बैठने की व्यवस्था
कोर्ट
- फोटो : प्रतीकात्मक तस्वीर
समारोह के लिए चुनिंदा लोगों को पास जारी किए गए हैं। बिना पास किसी का भी प्रवेश संभव नहीं होगा। हाईकोर्ट के क्रिकेट मैदान पर लगाया गया विशेष पंडाल पूरी तरह से वातानुकूलित, फायर प्रूफ और वाटर प्रूफ है। इसमें 2500 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
मुख्य समारोह दोपहर सवा बारह बजे आरंभ होगा। न्यायमूर्तिगण राष्ट्रपति का स्वागत करेंगे। इस दौरान राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी हाईकोर्ट के चित्र वाला दस रुपये का सिक्का और दो डाक टिकट भी जारी करेंगे।
सवा घंटे के मुख्य समारोह के बाद मुख्य न्यायाधीश टीएस ठाकुर मार्बल हाल में महात्मा गांधी की प्रतिमा और हाईकोर्ट के संग्रहालय के नवीनीकृत हॉल का भी उद्घाटन करेंगे। उनका एक संक्षिप्त संबोधन भी होगा। रविवार की शाम साढ़े छह बजे सांस्कृतिक समारोह में विविथतापूर्ण प्रस्तुतियां होंगी।
शहर में आज माननीयों का भी संगम
इनफॉरर्मेशन सेंटर का उद्घाटन
- फोटो : अमर उजाला
गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती की नगरी में रविवार को माननीयों का भी संगम देखने को मिलेगा। राष्ट्रपति, भारत के मुख्य न्यायाधीश, यूपी के मुख्यमंत्री, राज्यपाल, कई राज्यों के न्यायमूर्ति, मुख्य न्यायाधीश, सर्वोच्च न्यायालय के कई न्यायमूर्ति रविवार को आयोजित इलाहाबाद हाईकोर्ट के 150वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे।
संगम नगरी के लिए यह ऐतिहासिक पल होगा, जब देश भर से माननीय इलाहाबाद में एक जगह इकट्ठा होंगे। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी 13 मार्च को पूर्वाह्न 11.50 बजे बमरौली एयरपोर्ट पहुंच जाएंगे। अपराह्न 12.15 बजे हाईकोर्ट पहुंचेंगे और वहां आयोजित समारोह में शामिल होने के बाद दोपहर 1.25 बजे उच्च न्यायालय से बमरौली एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे और 1.50 बजे भारतीय वायुसेना के विमान से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
उधर, सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश टीएस ठाकुर शनिवार को ही इलाहाबाद पहुंचे। कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पूर्वाह्न 11 बजे हेलीकॉप्टर से बमरौली पहुंचेंगे और 11.50 बजे राष्ट्रपति का स्वागत करेंगे।
इलाहाबाद हाईकोर्ट का हुआ डिजिटाइजेशन
- फोटो : अमर उजाला
सीएम राष्ट्रपति को विदा करने के बाद अपराह्न दो बजे हेलीकॉप्टर से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे। राज्यपाल राम नाईक राज्य सरकार के विमान से सुबह 11.20 बजे बमरौली एयरपोर्ट पहुचेंगे। राज्यपाल हाईकोर्ट में आयोजित समारोह में शामिल होने के बाद अपराह्न 2.40 बजे विमान से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे।
इसके अलावा नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के अध्यक्ष न्यायमूर्ति स्वतंत्र कुमार, केरल उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश अशोक भूषण, उड़ीसा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश विनीत सरन, मेघालय उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश दिनेश माहेश्वरी, केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण के अध्यक्ष न्यायमूर्ति रफत आलम, सर्वोच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति शिवा कीर्ति सिंह, न्यायमूर्ति आदर्श गोयल, न्यायमूर्ति फकीर मोहम्मद इब्राहिम कलीमउल्ला सहित बड़ी संख्या में माननीय समारोह में शामिल होंगे।