हिमाचल के कांगड़ा में महिला की सिर कटी लाश मिलने से क्षेत्र के कोट-पलाहड़ी गांव में सनसनी फैल गई है। महिला की बड़ी बर्बरता से गला रेतकर हत्या की गई है।
मृतका की पहचान सृष्टा देवी पत्नी बाबा सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने धारा 302 के तहत केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
बुधवार सुबह नूरपुर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव परिजनों को सौंप दिया गया। फोरेंसिक विशेषज्ञ डा. एसके पॉल और डा. अजय सहगल के साथ पुलिस टीम ने मौके का मुआयना किया।
यहां से ब्लड सैंपल के अलावा अन्य साक्ष्य जुटाए। मंगलवार रात को पुलिस ने घटनास्थल से मृतका का सिर उसके धड़ से करीब 13 फुट की दूरी पर बरामद किया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार दोपहर सृष्टा देवी (54) बड़े बेटे दीपक कुमार (30) के साथ घर से करीब डेढ़ किमी दूर जंगल से मैंदडू (झाड़ू बनाने वाली झाड़ी) लेने गई थी।
देर शाम मृतका का पति बाबा सिंह (60) वापस घर लौटा तो उसने बेटे से उसकी मां के बारे में पूछा। इस पर बेटे ने मां के जंगल जाने की बात बताई। उसने बताया कि वह रास्ते से वापस लौट आया था। इसके बाद बाबा सिंह गांव वालों को लेकर पत्नी की तलाश में निकल गया।
जंगल में पत्नी की सिर कटी लाश देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। वार्ड पंच मुलखराज ने नूरपुर पुलिस थाने में इसकी सूचना दी। डीएसपी राजीव अत्री समेत एसएचओ बृज मोहन शर्मा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और लाश कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर अस्पताल भेजा।
पुलिस ने घटनास्थल से खून से सना तेजधार दराट कब्जे में लिया है। एसपी बलवीर ठाकुर ने कहा कि मामला दर्ज कर गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस के हाथ कुछ पुख्ता सबूत लगे हैं। जल्द ही मामले को सुलझा लिया जाएगा।