हिमाचल में नई सरकार के गठन के बाद अब तीसरे चरण में अधिकारियों के तबादले की तैयारी है। पहले चरण में सचिवालय और जिला उपायुक्तों को बदला था। दूसरे चरण में सरकार ने एसडीएम स्तर के अधिकारियों के तबादले किए। अब तीसरे चरण के तबादलों के दौर में सरकार की ओर से विभागाध्यक्षों के पदों पर जमे प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कुछ एचएएस अधिकारियों को बदला जाना है। इनके साथ बचे हुए जिलों के उपायुक्तों को सरकार के नजदीक के पदों पर तैनाती दी जा सकती है।
धर्मशाला में चार दिन के शीतकालीन सत्र के चलते अधिकतर विभागाध्यक्षों को अभी तक नहीं बदला गया है। सत्र के दौरान सभी जानकारियां जुटाने के लिए सरकार ने विभागाध्यक्षों के पदों को अभी छेड़ा नहीं था। अब तीसरे चरण में विभागाध्यक्षों को बदल कर दूसरों को तैनाती देने की तैयारी है। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, वन, राजस्व से लेकर अन्य विभाग शामिल हैं।
लोक निर्माण विभाग और आईपीएच विभाग में विभागीय अधिकारी तैनात हैं। इनमें फेरबदल की संभावना न के बराबर है। पिछले कई दिन से तीसरे चरण की सूची निकलने की चरचा है, लेकिन अब सोमवार के बाद से इसकी संभावना और बढ़ गई है। इसके बाद वन विभाग में आईएफएस, राजस्व विभाग में राजस्व अधिकारियों और तहसीलदारों के तबादलों की सूची जारी की जानी प्रस्तावित है।