दौलतपुर चौक (ऊना)। गोंदपुर बनेहड़ा में हुए हादसे में डंगोह निवासी 35 वर्षीय युवक अनूप ठाकुर की सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ट्रैक्टर और टैंक को कब्जे में ले लिया।
विज्ञापन
बताया जा रहा कि वीरवार दोपहर करीब 12:30 बजे अनूप ठाकुर ड्यूटी के बाद ऊना से घर लौट रहा था। इसी दौरान गोंदपुर बनेहड़ा में एक ट्रैक्टर सेप्टिक टैंक के साथ संपर्क मार्ग की ओर मुड़कर चढ़ाई चढ़ने लगा। बताया जा रहा कि अचानक ट्रैक्टर पीछे की ओर आने लगा और बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में अनूप ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दौलतपुर चौक पहुंचाया गया लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. विनय ने बताया कि युवक के सिर पर गहरी चोट थी। सूचना मिलने पर अंब पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। 35 वर्षीय युवक की असामयिक मौत से डंगोह क्षेत्र में शोक की लहर है।