बोले- 40 मजूदरों को गैर कानूनी तरीके से ट्रांसफर लेटर कर दिए जारी
यूनियन के बैनर तले एकजुट उठाई उद्योग प्रबंधन के खिलाफ आवाज
जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मांगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। मजदूर एकता जिंदाबाद, मजदूर यूनियन जिंदाबाद, मजदूरों का शोषण बंद करो जैसे नारों से शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे ऊना का म्यूनिसिपल पार्क गूंज उठा। बड़ी संख्या में मजदूर यहां एकत्रित होकर टाहलीवाल स्थित क्रिमिका उद्योग प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन करने पहुंचे।
मजदूरों का गुस्सा तब भड़क उठा, जब उद्योग प्रबंधन ने कई कर्मचारियों के दूरदराज क्षेत्रों में ट्रांसफर आदेश जारी कर दिए और आईडी तक बंद कर दीं। इस फैसले से नाराज सैकड़ों कर्मचारियों ने विभिन्न ट्रेड यूनियनों के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पहुंचकर जोरदार नारेबाजी की। कर्मचारियों ने उद्योग प्रबंधन पर स्थानीय रोजगार खत्म करने और वर्षों से कार्यरत स्थायी मजदूरों को बाहर का रास्ता दिखाने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि प्रबंधन धीरे-धीरे स्थानीय लोगों से रोजगार छीनने की साजिश रच रहा है।
मजदूरों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए उद्योग को यथावत जारी रखने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को अनदेखा किया गया, तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
यूनियन के प्रधान मंगू राम और महासचिव दिनेश कुमार ने कहा कि पिछले दो वर्षों में उद्योग से 500 से अधिक मजदूरों को गैरकानूनी तरीके से निकाला जा चुका है। यह मजदूरों के मानवीय अधिकारों का हनन है। उन्होंने मांग की कि जिन मजदूरों का फुल एंड फाइनल बनता है, उसे तुरंत जारी किया जाए, लेकिन किसी भी सूरत में मजदूर अन्य यूनिट में ट्रांसफर नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि यदि प्रबंधन को काम नहीं करवाना है, तो मजदूर विवश नहीं करेंगे, मगर 40 से अधिक मजदूरों के ट्रांसफर ऑर्डर और बंद की गई आईडी को तुरंत बहाल किया जाए। वहीं, उद्योग के एचआर प्रबंधक राजवीर ने कहा कि कर्मचारियों की नियुक्ति के समय सभी नियम और शर्तें स्पष्ट रूप से बताई जाती हैं। नियुक्ति पत्र में यह भी उल्लेख है कि परिस्थितियों के अनुसार किसी भी कर्मचारी को अन्य यूनिट में ट्रांसफर किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस समय उद्योग में काम की मात्रा कम हो रही है, इसलिए कर्मचारियों को अन्य यूनिट में स्थानांतरित किया जा रहा है। मजदूरों का यह प्रदर्शन नियमों के विपरीत है।