विद्यार्थियों को एचएएस और आईएएस परीक्षाओं की तैयारी के दिए टिप्स
संवाद न्यूज एजेंसी
घनारी/मैहतपुर (ऊना)। राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घनारी में चल रहे एनएसएस के सात दिवसीय विशेष शिविर के तहत शुक्रवार को प्रेरक सत्र आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि तहसीलदार कुलताज सिंह (एचएएस) व समाजसेवी राज कुमार डढ़वाल ने भाग लिया, जबकि अध्यक्षता प्रधानाचार्य ललित मोहन ने की। शिविर की शुरुआत प्रभात फेरी और योग सत्र से हुई। स्वयंसेवियों ने श्रमदान कर शिव मंदिर, आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी, प्राचीन कुएं और सराय परिसर की सफाई की। तहसीलदार कुलताज सिंह ने समाजसेवा को जीवन का श्रेष्ठ कार्य बताते हुए युवाओं से समाजहित में ऊर्जा लगाने का आह्वान किया तथा एचएएस व आईएएस परीक्षा से जुड़ी जानकारी दी।
वहीं, देहलां स्कूल में एनएसएस के सात दिवसीय आवासीय शिविर के समापन समारोह में एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल मुख्य अतिथि रहे। प्रधानाचार्य राकेश जसवाल ने स्वागत किया और एनएसएस प्रभारी विजय भारद्वाज ने गतिविधियों की जानकारी दी। एसडीएम ने स्वयंसेवियों को समाजसेवा और स्वच्छता की भावना को जीवन में अपनाने व माता-पिता, गुरुजनों और कुल देवताओं के प्रति सम्मान बनाए रखने की प्रेरणा दी।