उप मुख्यमंत्री बोले-37 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा पुल
पंडोगा-त्युड़ी पुल, हरोली खड्ड पर बौ-स्ट्रिंग पुल का कार्य जोरों पर
हरोली में 10 लाभार्थियों को 6.08 लाख रुपये की सहायता प्रदान
संवाद न्यूज एजेंसी
दुलैहड़ (ऊना)। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूती देने के लिए पुलों का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। चंदपुर खड्ड पर 3.87 करोड़ रुपये की लागत से नया पुल तैयार किया जा रहा है। पंडोगा-त्युड़ी और हरोली खड्ड पर बौ-स्ट्रिंग पुल समेत तीन प्रमुख पुलों का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
37 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले झलेड़ा-घालुवाल पुल की औपचारिकताएं अंतिम चरण में हैं और इसका निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ होगा। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सामाजिक सरोकार को लेकर राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए शनिवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के गोंदपुर जयचंद में लाभार्थियों को मुख्यमंत्री राहत कोष के तहत आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए।
इस दौरान 10 जरूरतमंद लाभार्थियों को कुल 6.08 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक प्रदान किए गए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक राहत पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, ग्राम पंचायत धर्मपुर की प्रधान सुभद्रा चौधरी, बाथू पंचायत की प्रधान सुरेखा राणा, कांगड़ पंचायत के उप प्रधान गणेश कौशल, सलोह पंचायत के पूर्व प्रधान मधु धीमान व विनोद बिट्टू सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।