महिला आईटीआई ऊना द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली को हरी झंड़ी दिखाते हुए उपायुक्त जतिन लाल।स्र
उपायुक्त ने रैली को दिखाई हरी झंडी
जीवन अनमोल, इसे लापरवाही से व्यर्थ न गंवाएं : जतिन
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जनता को जागरूक करने के उद्देश्य से वीरवार को महिला आईटीआई ऊना की ओर से सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली निकाली गई। इस रैली को उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने महिला आईटीआई परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली महिला आईटीआई ऊना से शुरू होकर रोटरी चौक होते हुए पुनः आईटीआई परिसर में संपन्न हुई।
उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत आयोजित यह जागरूकता रैली लोगों को यातायात नियमों के प्रति सचेत करने और उन्हें दैनिक जीवन में इन नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि जीवन अनमोल है और इसे लापरवाही के कारण व्यर्थ नहीं गंवाना चाहिए। सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करके हम न केवल अपने जीवन को सुरक्षित रख सकते हैं, बल्कि दूसरों के जीवन की सुरक्षा में भी योगदान दे सकते हैं।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों के प्रति जागरूक बनें और समाज में इसके महत्व का संदेश फैलाएं। उपायुक्त ने सभी जिलावासियों से आग्रह किया कि वाहन चलाते समय सीट बेल्ट, हेलमेट सहित सभी सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके। रैली के दौरान छात्राओं ने सड़क सुरक्षा से संबंधित नारे और संदेशों के माध्यम से सुरक्षित वाहन चलाने, हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रयोग तथा यातायात नियमों के पालन के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इसके अतिरिक्त संस्थान में सड़क सुरक्षा नियमों पर आधारित क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में आरटीओ ऊना अशोक कुमार, महिला आईटीआई के प्रधानाचार्य अंशुल भारद्वाज सहित आईटीआई का समस्त स्टाफ एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।