परिवार में मामूली कहासुनी के बाद उठाया खौफनाक कदम
तीन दिन में दूसरी घटना से क्षेत्र में शोक की लहर
पुलिस परिजनों से कर रही पूछताछ
संवाद न्यूज एजेंसी
थानाकलां (ऊना)। उपमंडल बंगाणा की धुंधला पंचायत के गांव वैरी हटली में मंगलवार को एक 21 वर्षीय युवती संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकी मिली है। इस घटना से समूचे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। सूचना मिलते ही बंगाणा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया आरंभ की। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए हैं तथा परिजनों और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेजा गया है, ताकि मृत्यु के कारणों की स्पष्ट पुष्टि की जा सके। क्षेत्र में तीन दिन के भीतर आत्महत्या का यह दूसरा मामला है। मृतका की पहचान राधा (21) निवासी गांव बेरी पंचायत धुंधला के तौर पर हुई।
जानकारी के मुताबिक मृतका के पिता सराय में गोलगप्पे बेचने का कार्य करते हैं। उसकी दो अन्य बहनें और एक भाई है। परिजनों की मानें तो घटना से पहले मात्र इतनी बात हुई कि मां ने उसे झाड़ू-पोछा करने के लिए कहा, जिस पर कहासुनी होने पर युवती नाराज हो गई और बाद में आत्मघाती कदम उठा लिया। यह घटना बताती है कि किशोरों में भावनात्मक अस्थिरता कितनी गंभीर हो सकती है।
तीन दिन में दूसरी घटना
क्षेत्र में तीन दिन के भीतर आत्महत्या की यह दूसरी घटना है। बीती 26 जून को पंचायत तनोह में 21 वर्षीय युवक मोहित जस्सल फंदे से लटका मिला। लगातार घट रही ऐसी घटनाएं इस ओर इशारा कर रही हैं कि किशोर बच्चों में मानसिक तनाव और भावनात्मक असंतुलन तेजी से बढ़ रहा है। मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि किशोर अवस्था में बच्चों की भावनाएं बेहद संवेदनशील होती हैं। छोटे-छोटे कारणों से वे आहत हो सकते हैं। यदि सही समय पर संवाद न हो तो वे घातक कदम उठा सकते हैं। परिवारों को चाहिए कि वे बच्चों से स्नेह और धैर्य के साथ बात करें।पुलिस अधीक्षक ऊना अमित यादव ने बताया कि युवती ने किन परिस्थितियों में ऐसा कदम उठाया, इसे लेकर परिजनों से पूछताछ चल रही। कहा कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।