ऊना। हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार धीमान की अध्यक्षता में आयोग कार्यालय में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोग की ओर से पिछले एक माह के दौरान किए गए कार्यों एवं विभिन्न मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही 15 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक प्रदेशभर में आयोजित किए जाने वाले जागरूकता एवं समीक्षा कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी एक माह के दौरान अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों तक विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं तथा शिकायत निवारण व्यवस्था की जानकारी पहुंचाने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान विभिन्न जिलों में समीक्षा बैठकें आयोजित कर अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों की समस्याओं का उसी समय समाधान किया जाएगा।
बैठक के दौरान वर्ष 2016 बैच के हिमाचल प्रशासनिक सेवा (एचएएस) अधिकारी विश्रुत भारती ने हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य सचिव का कार्यभार संभाला। आयोग के अध्यक्ष एवं सदस्यों ने उनका स्वागत किया। वहीं इस अवसर पर आयोग के पूर्व सदस्य सचिव विनय मोदी को विदाई दी गई। आयोग के अध्यक्ष कुलदीप धीमान और सभी सदस्यों ने उनके कार्यों की सराहना की।