बड़ूही (ऊना)। ग्राम पंचायत पंजोआ लड़ोली में शनिवार को सड़क की निशानदेही को लेकर विवाद भड़क गया। बिना पूर्व सूचना निशानदेही करवाने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने विधायक सुदर्शन सिंह बबलू और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कानूनगो पर एक युवती से धक्का-मुक्की और गाली-गलौज करने के आरोप भी लगाए गए। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। शाम पांच बजे शुरू हुआ विवाद करीब सात बजे तक जारी रहा। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति को शांत करने के प्रयास किए जाते रहे। बाद में एसएचओ के उचित कार्रवाई के आश्वासन पर ग्रामीणों ने 1100 नंबर पर शिकायत दर्ज करवाई।
ग्रामीणों का आरोप है कि शनिवार को सड़क की निशानदेही के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और कानूनगो मौके पर पहुंचे थे, लेकिन प्रभावित लोगों को इसकी पूर्व सूचना नहीं दी गई थी। ग्रामीणों ने इस प्रक्रिया पर आपत्ति जताई। उनका कहना है कि जमीन और सड़क से जुड़े मामलों में सभी प्रभावित पक्षों को विश्वास में लेकर नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। इसी बात को लेकर मौके पर कहासुनी हुई और विवाद बढ़ गया।
युवती से दुर्व्यवहार के आरोप पर भड़का रोष
ग्रामीणों ने कानूनगो पर विरोध के दौरान एक युवती से धक्का-मुक्की और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया। इस घटना से लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क जाम कर दिया और विधायक सुदर्शन सिंह बबलू तथा प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने सड़क निर्माण की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। कुछ ग्रामीणों ने विधायक पर अपने रिश्तेदार को लाभ पहुंचाने के लिए सरकारी तंत्र का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
विवाद की सूचना मिलने पर भाजपा नेता रामपाल और सतीश कुमार गोगी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की आपत्तियां सुनीं और मामले में निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना था कि केवल आश्वासन देने के बजाय पूरे घटनाक्रम की जांच कराई जाए और यदि किसी अधिकारी ने नियमों के विपरीत काम किया है या अनुचित व्यवहार किया है तो उसके खिलाफ कार्रवाई हो।
शिकायत पर नियमानुसार होगी कार्रवाई : डीएसपी
मौके पर स्थिति संभालने के लिए पुलिस ने ग्रामीणों से बातचीत की। अंब थाना प्रभारी (एसएचओ) के उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने 1100 नंबर पर शिकायत दर्ज करवाई। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच और संबंधित कानूनगो के खिलाफ कार्रवाई की मांग दोहराई।
डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने कहा कि मौके पर पुलिस बल तैनात था और निशानदेही शांतिपूर्ण तरीके से हुई है। कानूनगो पर गाली-गलौज करने के आरोपों के संबंध में उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।