फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Una News: बेमौसमी बर्फबारी और बारिश ने बढ़ाई बागवानों की मुश्किलें

विज्ञापन
विज्ञापन
सेब, प्लम और खुमानी के पेड़ों पर आई कलियां अत्यधिक ठंड से मुरझाने लगीं
विज्ञापन

चैल-जंजैहली मुख्य सड़क बड़े वाहनों के लिए बाधित
संवाद न्यूज एजेंसी
थुनाग (मंडी)। सराज घाटी में लगातार दो दिनों से हो रही बारिश और बेमौसमी बर्फबारी ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। हालात इतने खराब हैं कि चैल–जंजैहली मुख्य सड़क सहित एक दर्जन से अधिक सड़कें यातायात के लिए बंद हो गई हैं। मझाखल (डमोगी मोड़) के पास भूस्खलन होने से चैल–जंजैहली सड़क बड़े वाहनों और बसों के लिए पूरी तरह बाधित हो गई है। इसके अलावा लंबाथाच–चिऊणी–शैटाधार, लंबाथाच–कलहणी, जंजैहली–रेशन–खौली, शैटाधार–सहणीधार–थाची, जंजैहली–मगरूगला–छतरी, छतरी–मिहाच–गाड़ागुशैण, घाट–टपनाली–गाड़ागुशैण और जंजैहली–रायगढ़ सड़कें भी बर्फबारी के कारण सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद हैं। कई छोटे ग्रामीण संपर्क मार्ग भी अवरुद्ध हो गए हैं।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों जैसे चेत, घाट, रेशन और रियाड़ा में भारी बर्फबारी के चलते बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई है। धार्मिक स्थलों में भी हालात गंभीर हैं। शिकारी देवी मंदिर परिसर में लगभग 80 सेंटीमीटर और तुंगासीगढ़ व शैटाधार में 60 सेंटीमीटर से अधिक बर्फ जमा हो चुकी है, जिससे आवाजाही पूरी तरह रुक गई है। हालांकि, शिकारी देवी मंदिर से पुजारी सहित सभी कर्मचारियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और लोक निर्माण विभाग की मदद से जंजैहली पहुंचाया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

इस असामान्य मौसम का सबसे ज्यादा असर बागवानी पर पड़ा है। सेब, प्लम और खुमानी के पेड़ों पर आई कलियां अत्यधिक ठंड के कारण मुरझाने लगी हैं, जिससे फसल को भारी नुकसान की आशंका है। मटर की फसल के लिए शुरू में लाभकारी मानी जा रही बारिश अब लगातार नमी और गिरते तापमान के कारण सड़न का खतरा पैदा कर रही है। एसडीएम थुनाग संजीत शर्मा के अनुसार, नुकसान का आकलन किया जा रहा है और सभी विभागों को आवश्यक सेवाएं बहाल रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लोगों को कम से कम परेशानी हो।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें