दुलैहड़(ऊना)। उपमंडल हरोली के तहत गांव भड़ियारा में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा खैर के पेड़ों की अवैध कटाई और चोरी का मामला सामने आया है। इस घटना से क्षेत्र के भूमि मालिकों में रोष व्याप्त है। पीड़ितों ने पुलिस थाना टाहलीवाल में शिकायत दर्ज करवाकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार कमल सिंह, राज कुमार, संजीव कुमार और प्रदीप कुमार निवासी दुलैहड़ की ग्राम भड़ियारा में निजी भूमि है। इस भूमि पर बड़ी संख्या में खैर के पेड़ लगे थे। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि उनकी भूमि पर मौजूद लगभग 25 से 30 खैर के पेड़ों को अज्ञात लोगों ने काट दिया और उनकी लकड़ी भी मौके से उठा ले गए। जब 20 जून को वे अपनी जमीन का निरीक्षण करने पहुंचे तो वहां पेड़ों के कटे हुए ठूंठ दिखाई दिए। शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जाए। संदिग्ध गतिविधियों का पता लगाया जाए तथा चोरी की गई लकड़ी को बरामद किया जाए। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो ऐसे मामलों में बढ़ोतरी हो सकती है। थाना टाहलीवाल पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। मामले की पुष्टि डीएसपी हरोली मोहन रावत ने की है।
काटे गए खैर के पेड़। संवाद