एसपी मंडी ने घटनास्थल का किया दौरा, दिनभर जुटी रही फॉरेंसिक टीम
बीते वीरवार शाम खयूरी टनल के समीप मिला था खून से लथपथ शव
संवाद न्यूज एजेंसी
बग्गी (मंडी)। बल्ह घाटी के खयूरी में टनल के पास संदिग्ध हालात में मिले शव के मामले में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है। घटनास्थल पर खून के धब्बे और अन्य साक्ष्य देख प्रतीत होता है कि आरोपियों ने युवक विजय कुमार को मौत के घाट उतारा है। पुलिस सभी बिंदुओं को केंद्र में रख कर छानबीन कर रही है।
शुक्रवार को एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने स्वयं घटनास्थल का दौरा किया और जायजा लिया। उनके साथ डीएसपी मुख्यालय दिनेश कुमार भी मौजूद रहे। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा कर शव को परिजनों के हवाले कर दिया है। घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम मामले की बारीकी से जांच कर रही है। शुक्रवार को भी यह टीम दिनभर घटनास्थल पर सबूत जुटाने में जुटी रही। पुलिस इस मामले में तकनीकी जांच पड़ताल भी कर रही है। इसी के साथ सीसीटीवी फुटेज में आते जाते संदिग्ध लोगों की फेहरिस्त भी तैयार कर रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
नलसर गांव के रोहित पुत्र हरी सिंह की ओर से पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया है कि छोटा भाई विजय कुमार मेहनत मजदूरी करता था। दो दिन वह घर नहीं पहुंचा। इस बीच वार्ड सदस्य अनिल कुमार ने बताया कि एक युवक का शव बरामद हुआ है। स्थानीय पंचायत प्रधान हंसराज वर्मा ने घटना पर संवेदना व्यक्त की है और मामले की निष्पक्ष जांच कर पीड़ित परिवार को इन्साफ दिलाने की मांग की है।
उधर, डीएसपी मुख्यालय दिनेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मिले तथ्याें के अनुसार हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर छानबीन कर रही है। जल्द ही मामले का पटाक्षेप कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एसपी साक्षी वर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच जारी है।