ऊना। शहर में बनी वेंडर मार्केट का सौंदर्यीकरण करने की योजना तैयार की जा रही है। मार्केट में लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ इसे व्यवस्थित और आकर्षक बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। योजना के तहत स्ट्रीट लाइट लगाने, लोगों के पैदल चलने के लिए ट्रैक बनाने और पार्क विकसित करने की संभावनाएं शामिल हैं। इन सुविधाओं के विकसित होने से वेंडर मार्केट में आने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
वेंडर मार्केट को बेहतर बनाने के लिए बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। स्ट्रीट लाइट लगने से शाम के समय रोशनी की व्यवस्था बेहतर होगी, जबकि पैदल चलने के लिए अलग ट्रैक बनने से लोगों को आवाजाही में सुविधा मिलेगी। वहीं, पार्क विकसित करने की योजना से लोगों को बैठने और कुछ समय बिताने के लिए बेहतर स्थान मिल सकेगा। शहर में व्यवस्थित बाजार और जनसुविधाओं की जरूरत को देखते हुए वेंडर मार्केट का सौंदर्यीकरण महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसे लेकर जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी।
कम लोग कर रहे वेंडर मार्केट का रुख
ऊना ट्रक यूनियन के समीप के बनाई गई वेंडर मार्केट में कम लोग खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में लोगाें का ध्यान आकर्षित करने के लिए नगर निगम ने प्रयास शुरू किए हैं। बता दें कि मार्केट में 80 के करीब दुकानें हैं लेकिन लोगों की कम आवाजाही के कारण कई दुकानें अभी भी खाली पड़ी हैं।
वेंडर मार्केट के सौंदर्यीकरण को लेकर प्रयास किए जा रहे हैं। पार्क निर्माण से लेकर अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इन कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी।
-पृथी पाल सिंह, आयुक्त नगर निगम ऊना