ऊना जिला प्रशासन के सुपर-50 योजना को मिला स्कॉच अवार्ड।
- फोटो : Una
ऊना। जिला ऊना में पिछड़े तबके को समाज में उचित अवसर प्रदान कर उनके उत्थान के लिए अनेकों योजनाओं को संचालन किया जा रहा है। जिनका लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंच रहा है। अब इन कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिल रही है।
जिला प्रशासन की ऊना सुपर-50 योजना को स्कॉच फाउंडेशन ने सिल्वर अवार्ड, जबकि संजीवनी परियोजना को स्कॉच ऑर्डर ऑफ मेरिट से नवाजा है। वहीं, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत शुरू की गई गरिमा, आशीर्वाद, संबल व नवजीवन योजनाओं को सामूहिक रूप से स्कॉच ऑर्डर ऑफ मेरिट से सम्मानित किया है।
संजीवनी और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जिला ऊना में आरंभ की गई चारों स्कीमें सेमीफाइनल तक पहुंची और ऑर्डर ऑफ मेरिट से सम्मानित हुई। उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने इस उपलब्धि के लिए समस्त जिलावासियों के साथ इन योजनाओं के संचालन के साथ जुड़े विभागों को बधाई दी है।
उन्होंने कहा कि जिले के लोगों के सहयोग से इन सभी योजनाओं का संचालन ऊना में सफलतापूर्वक किया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है। बता दें कि ऊना सुपर-50 योजना के तहत मेधावी विद्यार्थियों को निशुल्क कोचिंग प्रदान करने की जाती है। योजना के तहत सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को जेईई व नीट की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए दो वर्ष तक फ्री कोचिंग दी जाती है। वहीं संजीवनी परियोजना के तहत जिला ऊना में औषधीय पौधों की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है।
जिला प्रशासन ऊना ने ग्रामीण विकास विभाग के साथ-साथ आयुर्वेद विभाग के सहयोग से अंब उपमंडल में लगभग ढाई हेक्टेयर भूमि पर सहजन व अश्वगंधा के 77,000 से अधिक औषधीय पौधे लगाए गए हैं। इन पौधों का उपयोग आयुर्वेदिक दवाएं बनाने में किया जा रहा है।