लठियाणी से बड़सर मार्ग पर दुकानदार खुलेआम में फेंक रहे गंदगी
युवा नेता अजय ठाकुर बोले, बुधान की जनता गंदा पानी पीने को मजबूर
कहा-10 दिन में समाधान नहीं तो होगा आंदोलन
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। ऊना-हमीरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित लठियाणी-बड़सर का कैंची मोड़ अब गंदगी का अड्डा बन चुका है। यहां बडसर क्षेत्र के दुकानदारों की ओर से भारी मात्रा में कूड़ा-कचरा फेंकने से न केवल पर्यावरण दूषित हो रहा, बल्कि राहगीरों, स्थानीय लोगों और जल स्रोतों पर भी गंभीर खतरा मंडरा रहा है। इस गंभीर विषय पर राष्ट्रीय ह्यूमन राइट्स युवा बिग्रेड के प्रदेश चेयरमैन और भाजपा युवा मोर्चा के जिला ऊना के सचिव अजय ठाकुर ने सख्त तेवर दिखाए। अजय ठाकुर ने कहा कि यह स्थिति न केवल भारत सरकार की स्वच्छ भारत योजना का अपमान है, बल्कि क्षेत्रीय लोगों के स्वास्थ्य के साथ सीधा खिलवाड़ है। उन्होंने बताया कि नेशनल हाईवे के किनारे हर प्रकार का कचरा फेंका जा रहा है, जिनमें सब्जियों के सड़े टुकड़े, बच्चों के गंदे पैंपर, सरकारी अस्पतालों की एक्सपायरी दवाइयां, घरेलू कचरा और प्लास्टिक का भारी मात्रा में उपयोग शामिल है। इस मौके पर शहीद भक्त सिंह मेमोरियल लठियाणी के सदस्य विपिन राणा सहित काफी युवा मौजूद रहे।
अजय ठाकुर ने विशेष चिंता जाहिर करते हुए बताया कि यह सारा कचरा बारिश या हवा के जरिये सीधे बुधान पेयजल योजना तक पहुंच रहा है। यह पेयजल योजना उपमंडल बंगाणा क्षेत्र के कई गांवों को पानी उपलब्ध करवाती है। ऐसे में दूषित जल पीने से स्थानीय जनता को गंभीर बीमारियों का सामना करना पड़ सकता है। इतना ही नहीं गंदगी धीरे-धीरे गोबिंद सागर झील में भी प्रवेश कर रही है, जो भविष्य में एक बड़ी आपदा का कारण बन सकती है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अजय ठाकुर ने टीम सहित उपमंडल बंगाणा के कार्यकारी उपमंडलाधिकारी (नागरिक) अमित कुमार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई है कि इस पूरे मुद्दे का समाधान दस दिन के भीतर निकाला जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन की ओर से समय पर उचित कदम नहीं उठाए गए तो युवा मोर्चा सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगा
कार्यकारी एसडीएम अमित कुमार ने कहा कि वे एसडीएम बड़सर से इस विषय में तुरंत चर्चा करेंगे और मिलकर समाधान निकालने का प्रयास करेंगे। कहा कि उपमंडल की पेयजल योजनाओं और गोबिंद सागर झील को दूषित नहीं होने दिया जाएगा।