ऊना शहर में चंडीगढ़ धर्मशाला सड़क मार्ग पर यातायात नियमों का उल्लंघन करते बाइक सवार युवक। स्रोत
बिना हेलमेट एक बाइक पर तीन युवा सवार होकर खुलेआम घूम रहे
सोमवार से पुलिस ने बढ़ाई है हेलमेट को लेकर सख्ती
दोनों बाइक सवारों के लिए अनिवार्य किया है हेलमेट
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिले में यातायात नियमों के पालन को लेकर पुलिस विभाग की ओर से बढ़ाई गई सख्ती के बावजूद वाहन चालकों की मनमानी कम नहीं हो रही। बीते सोमवार से दोपहिया वाहनों पर चालक व दूसरी सवारी के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य किया गया। इस नई व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए शहर के मुख्य चौक चौराहों पर पुलिस का पहरा भी बढ़ा लेकिन दोपहिया चालक केवल पुलिस नाकों को देखकर ही हेलमेट पहन रहे हैं। बुधवार को भी ऊना शहर में कई दोपहिया वाहनों पर सवार युवक बिना हेलमेट के गुजरते नजर आए। कई बाइक पर तो तीन युवक भी सवार थे। वहीं कुछ ऐसे भी नजर आए, जिन्होंने हैंडल के साथ हेलमेट तो टांग रखा था, लेकिन उसे पहनने के लिए पुलिस नाकों या सड़क मार्गों पर लगे कैमरों पर नजर दौड़ा रहे थे।
जानकारी के अनुसार बीते कुछ समय से सड़क हादसों में तेजी से इजाफा हो रहा है। हादसों में जान गंवाने वालों में सबसे अधिक संख्या दोपहिया वाहन चालकों की है। मौत का मुख्य कारण हेलमेट न पहनना है। जिस वजह के युवा बेहद कम उम्र में जान गंवा रहे। बाइक चलाते समय हेलमेट के महत्व को बताने के लिए जिला पुलिस ने पहले जागरुकता अभियान चलाया। उसके बाद बीते सोमवार से बाइक सवार दोनों लोगों के लिए हेलमेट अनिवार्य कर दिया गया। इसके लिए ऊना शहर के शहीद भगत सिंह चौक, आईएसबीटी ऊना क्रॉसिंग सहित विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी कर चालान किए गए। बुधवार को इन स्थानों पर नाकाबंदी में थोड़ी ढील देखते ही वाहन चालकों ने फिर से लापरवाही बरतना शुरु कर दिया। बता दें कि जिले में होने वाले सड़कों हादसों में जान गंवाने वालों में 60 प्रतिशत से अधिक दोपहिया वाहन चालक हैं। चिंताजनक यह है कि इनमें युवाओं की संख्या अधिक है। मौत का मुख्य कारण सिर में गहरी चोट लगना रहता, जिससे हेलमेट पहनकर बचा जा सकता है।
-
पुलिस अधीक्षक ऊना अमित यादव ने बताया कि पुलिस सख्ती से यातायात नियमों का पालन करवा रही है। लेकिन, लोगों को अपनी मानसिकता बदलनी होगी, खासकर युवाओं को। हेलमेट उनकी सुरक्षा के लिए है। इसे मात्र चालान से बचने का तरीका न समझें। हेलमेट पहनकर आप सुरक्षित सफर कर सकते हैं। अगर कोई नियमों की अवहेलना करते पकड़ा गया तो कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।