जिला वरिष्ठ नागरिक मंच ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद कर दी है। जिला अस्पताल में वरिष्ठ नागरिकों को पेश आ रही समस्याओं को शीघ्र दूर करने की मंाग मंच ने प्रदेश सरकार से उठाई है।
वरिष्ठ नागरिक मंच की अहम बैठक वरिष्ठ नागरिक भवन ऊना में अध्यक्ष जीआर वर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न मुद्दों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। जिसमें ऊना अस्पताल में हृदय रोग व न्यूरोलॉजिस्ट चिकित्सक की तैनाती की मंाग मुख्य रूप से उठाई गई। जीआर वर्मा ने कहा कि अस्पताल में इन विशेषज्ञों की तैनाती न होने से वरिष्ठ नागरिकों को उपचार के लिए बाहरी राज्यों में जाना पड़ रहा है। जिससे उनके धन व समय की बर्बादी हो रही है।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में पर्ची बनवाने के लिए भी अलग से जगह होनी चाहिए। हमीरपुर रोड पर लगाई गई लाइटों की समस्या अभी तक हल नहीं हो पाई है। यहां पर लगाए गए 25 खंभों की लाइट बंद पड़ी है, जिससे रात के समय आने जाने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वर्मा ने कहा कि हमीरपुर से टक्का रोड को जाने वाली नाले नालियों की सफाई आज दिन तक नहीं हुई।
बरसात के दिनों में स्थानीय लोगों को परेशानियां पेश आ रही हैं। नंगल तक आ रही सभी गाड़ियों व जयपुर चंडीगढ़ इंटरसिटी ट्रेन को ऊना रेलवे स्टेशन से जोड़ा जाए। संघ ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि समस्या को लेकर शीघ्र उचित कार्रवाई अमल में लाई जाए। इस अवसर पर कंवर हरि सिंह, शेर सिंह, देवराज सैणी, किशपाल, एचआर वशिष्ठ, राणा शमशेर सिंह, बख्तावर सिंह, सुखदेव शर्मा, देवराज शर्मा, ओम प्रकाश, ओम प्रकाश, प्रभात सिंह, कमल देव, कुलभूषण शारदा, रोशन लाल, मदन लाल सहित अन्य उपस्थित रहे।