तेज धूप से बचने के लिए चेहरा ढंककर जातीं युवतियां।
जिले में पारा धीरे-धीरे नहीं बल्कि तेजी से नई ऊंचाइयां छू रहा है। अप्रैल की शुरुआत में ही सूर्यदेव का प्रचंड रूप लोगों को घरों में दुबक कर बैठने को विवश करने लगा है। ऊना जिले में पारा शुक्रवार को 36 डिग्री सेल्सियस के करीब जा पहुंचा है। ऐसे में गर्मी बढ़ती ही जा रही है और लोगों का गर्मी के मारे बुरा हाल है। दोपहर के समय बाजारों सहित मुख्यमार्गों पर आवाजाही कम होती जा रही है और दुकानदारों को दोपहर के समय अधिक ग्राहक नहीं मिल पा रहे हैं।
ऐसे में गर्मी के कारण उनके व्यापार पर भी असर पड़ रहा है। स्थानीय निवासी रमन कुमार, संदीप मिन्हास, सुरेश कुमार, अजय ठाकुर, गौरव शर्मा, प्रवीण चंद्र, अश्विनी धीमान, ध्रुव शर्मा, सरला रानी, रेखा देवी, ज्योति बाला और रीटा शर्मा का कहना है कि गर्मी के चलते मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में उनके दिनचर्या के कार्य भी प्रभावित होने लगे हैं। प्रचंड होती जा रही गर्मी का असर सीधे तौर पर स्कूली विद्यार्थियों और कर्मचारियों पर हो रहा है।
विद्यार्थियों सहित कर्मचारी भी गर्मी से बेहाल हैं। वहीं, मौसम विभाग की मानें तो लगभग एक सप्ताह तक प्रचंड गरमी से राहत नहीं मिलने वाली है। एक सप्ताह से पहले बारिश की संभावना से मौसम विभाग ने इंकार किया है। मौसम विभाग के कार्यकारी अधिकारी विनोद शर्मा के मुताबिक इस सप्ताह गर्मी इसी तरह प्रचंड रहेगी और पारा ऊंचाइयां छूता रहेगा। उन्होंने बताया कि अनुमान के मुताबिक इस सप्ताह बारिश होने की कोई संभावना नहीं है।