एक सप्ताह में दर्जनभर दुर्घटनाएं, प्रशासन और एनएचएआई की उदासीनता पर उठे सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ूही (ऊना)। ऊना–धर्मशाला नेशनल हाईवे हादसों का मार्ग बनता जा रहा है। लगातार बढ़ते सड़क हादसों में अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है और सैकड़ों घायल हुए हैं। बसाल से अंब तक पिछले एक सप्ताह में करीब एक दर्जन दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें एक की मौत और कई घायल हुए। इसके बावजूद न प्रशासन, न एनएचएआई और न पुलिस कोई ठोस कदम उठा पाई है।
धुसाड़ा, भैरा, बड़ूही और चुरुडू पंचायतों के प्रधानों ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, डीसी ऊना और एसपी अमित यादव से कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि पुलिस तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती बरते और सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाए।
स्थानीय प्रतिनिधियों ने एनएचएआई से बार-बार हादसों वाले स्थानों को ब्लैक स्पॉट घोषित कर सुधार कार्य शुरू करने की अपील की है। साथ ही सुझाव दिया है कि स्कूलों, कॉलेजों और पंचायत स्तर पर सड़क सुरक्षा शिविर आयोजित किए जाएं। उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि तेज गति और नशे में वाहन चलाना हादसों की मुख्य वजह है। उन्होंने कहा कि कई ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए गए हैं और बचाव के नए उपाय तलाशे जा रहे हैं।