ऊना। शहर में लगातार बढ़ रही अवैध पार्किंग की समस्या को लेकर पुलिस ने सख्ती बरतने का फैसला किया है। बीते कुछ दिनों से शहर के मुख्य बाजारों और व्यस्त सड़कों पर लोगों द्वारा नियमों की अवहेलना करते हुए वाहनों को गलत स्थानों पर खड़ा किया जा रहा है जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसको देखते हुए पुलिस ने अब नियमित रूप से निगरानी बढ़ाने और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी कर ली है।
प्रशासन की तरफ करीब दो माह पूर्व शहर में एनएच के किनारों को नो वेंडिंग जोन घोषित किया है। बीते कुछ सप्ताह से एनएच किनारे फिर से अवैध पार्किंग होना शुरू हो गई है। ऐसे में लोगों को आए दिन दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस ने इस समस्या पर नकेल कसने के लिए एनएच किनारे गश्त करने के निर्देश दिए हैं। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने अब समय-समय पर गश्त बढ़ाने और पुलिस वैन के माध्यम से प्रमुख स्थानों पर पैनी नजर रखने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान भी काटे जाएंगे। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें और यातायात नियमों का पालन करें।
अवैध पार्किंग पर नकेल कसने के लिए पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी। इसे लेकर जवानों को दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं।
-सचिन हिरेमठ, पुलिस अधीक्षक ऊना