संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल। पंजाब में 20 फरवरी को होने जा रहे विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मियां जोर पकड़ने लगी है। पार्टियों की ओर से घोषित किए गए प्रत्याशी अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल कर रहे हैं। वहीं, पुलिस ने भी चुनाव शांतिमय ढंग से संपन्न करवाने की पूरी तैयारी कर ली है।
विधानसभा क्षेत्र श्री आनंदपुर साहिब की 12 सीमाएं हिमाचल से लगती हैं। जिनमें से नंगल-ऊना मुख्य मार्ग पर गांव कलसेहड़ा के निकट, अजौली मोड़, भिबोर साहिब, नंगल-भाखड़ा मुख्य मार्ग पर गांव बरमला और नंगल का प्रवेश द्वारा माने जाने वाले एमपी कोठी क्षेत्र सहित कुल पांच क्षेत्रों को सील कर पंजाब पुलिस के साथ सीआईएसएफ को तैनात कर दिया गया।
सात सीमाओं को अभी सील किया जाना है। यही नहीं असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश देने के लिए डीएसपी सतीश कुमार के नेतृत्व में दो बार फ्लैग मार्च निकाला जा चुका है। जिसमें पंजाब पुलिस के जवानों के अलावा सीआईएसएफ के जवान भी शामिल रहे।
डीएसपी सतीश कुमार ने कहा कि पंजाब पुलिस के अलावा सीआईएसएफ के 100 जवान आ चुके हैं। जबकि 100 जवान और आने है। उन्होंने कहा कि 12 में से हिमाचल के साथ लगती 5 सीमाओं को सील कर आने जाने वालों पर पैनी निगाह रखी जा रही है। संदिग्ध नजर आने पर वाहनों की गहनता से जांच करने के उपरांत ही आगे बढ़ने दिया जाता है।