ऊना। जिला ऊना के ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे आयुष हेल्थ एंड वेलनेस केंद्रों में टाइफाइड और मलेरिया के निशुल्क टेस्ट की सुविधा मिलेगी। वर्तमान में वेलनेस केंद्रों में टाइफाइड और मलेरिया के टेस्ट की सुविधा नहीं है। ऐसे में जरूरत पड़ने पर मरीज को निजी लैब में टेस्ट करवाने पड़ रहे हैं। लोगों की सुविधा के लिए केंद्रों को आवश्यक सामग्री खरीदने के लिए आयुष विभाग की ओर से बजट मुहैया करवाया जाएगा।
जानकारी के अनुसार आयुष विभाग के 17 हेल्थ एंड वेलनेस केंद्रों में अभी तक टाइफाइड और मलेरिया के टेस्ट की सुविधा नहीं है। ऐसे में ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के आयुष वेलनेस केंद्रों में जांच करवाने आने वाले मरीज को जरूरत पड़ने पर निजी लैब या फिर दूसरे अस्पताल का रुख करना पड़ता है।
दूसरा अस्पताल और निजी लैब भी दूर होने के कारण मरीज के समय और धन दोनों का नुकसान हो रहा है। वेलनेस केंद्रों में टेस्ट की सुविधा मुहैया करवाने के लिए आयुष विभाग प्रबंधन जारी करेंगे, ताकि लोगों को सुविधा मिल सके। वेलनेस केंद्र आगामी दिनों में उपकरण मिलते ही टाइफाइड और मलेरिया के टेस्ट करना शुरू कर देंगे।
बता दें कि निजी लैब में टाइफाइड के टेस्ट के लिए 50 रुपये प्रति टेस्ट और मलेरिया के लिए 100 रुपये औसतन प्रति टेस्ट वसूल किए जा रहे हैं।
इन स्थानों पर चल रहे हैं वेलनेस केेंद्र
जिला ऊना में मौजूदा समय में अरलू, रायपुर मैदान, रायपुर सहोड़ा, चताड़ा, खुरवाई, कोट, अपर पंडोगा, लोहारली, गोंदपुर बनेहड़ा, लोअर मुबारिकपुर, चरूड़ू, जबेहड़ सूरी, धमांदरी, गोंदपुर जयंचद, हीरां, जलग्रां और कुठेड़ा जसवालां में आयुष हेल्थ एंड वेलनेस केंद्र चल रहे हैं।
जिला के हेल्थ एंड वेलनेस केंद्रों में टायफाइड और मलेरिया के टेस्ट की सुविधा जल्द शुरू होगी। इसके लिए सभी वेलनेस केंद्रों को विभाग की तरफ से बजट मुहैया करवाया जाएगा।
- डॉ. ज्योति कंवर, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी ऊना।