प्रेसवार्ता करते एसपी ऊना राकेश सिंह। संवाद
ऊना। जिला पुलिस ने लूट और चोरी के अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अंब और गगरेट में ज्वैलर्स शॉप में हुई चोरी के मामले में जम्मू की साधु-गुज्जर गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। मामले में आरोपी की निशानदेही पर जम्मू से पांच लाख रुपये के गहने भी बरामद कर लिए हैं।
इसके अलावा एक अन्य मामले में गगरेट के आर्मी ग्राउंड से चोरी हुए ट्रक को पंजाब के मोगा से बरामद किया। इस मामले में आरोपी गगनदीप को भी गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा ऊना के वार्ड नौ में चेन स्नेचिंग के मामले में पंजाब पुलिस ने मोगा में गिरफ्तार आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर ऊना लाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इसी तरह ऊना स्थित फाइनांस कंपनी में लूट के मामले में पुलिस ने एक शातिर को पकड़ा और उसकी निशानदेही पर एक बाइक और कुछ कैश बरामद किया। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने पत्रकार वार्ता में दी।
पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि साधु-गुज्जर गैंग के आरोपियों ने दो-तीन महीने पहले गगरेट और अंब में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। मामले में पुलिस ने गिरोह के दो सदस्य लियाकत अली और सलामदीन को गिरफ्तार किया। उनसे नकद 62,000 रुपये और पांच लाख रुपये के गहने भी बरामद किए हैं। यह गैंग अंतरराज्यीय अपराधी गिरोह है जो अवैध हथियार, लूट और चोरी जैसे अपराधों में लिप्त है।
दोनों आरोपी पंजाब के तलवाड़ा में हाजीपुर इलाके के रहने वाले हैं। गगरेट व अंब में हुई चोरी को इस गैंग के लोगों ने ही अंजाम दिया था। उक्त गैंग के लोग जिला में भैंसों का डेरा लगाकर रह रहे थे। इस मौके पर एएसपी संजीव भाटिया और सुरेंद्र शर्मा भी मौजूद थे।