थानाकलां (ऊना)। राजकीय मिडल स्कूल छपरोह में पढ़ने वाले एक छात्र और एक छात्रा के सोमवार को लापता होने से क्षेत्र में चिंता का माहौल है।
दोनों बच्चे स्कूल में छुट्टी के बाद मोबाइल रिपेयर करवाने के लिए थानाकलां बाजार जाने की बात कहकर निकले थे लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं पहुंचे। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है।
लापता बच्चों की पहचान अंकुश कुमार पुत्र राम करन पासवान, छठी कक्षा और मोनिका पुत्री विश्वकर्मा पासवान, सातवीं कक्षा के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से बिहार के बेगूसराय जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं और वर्तमान में अपने परिजनों के साथ क्षेत्र में रह रहे हैं।
बताया जा रहा है कि दोनों एक ही परिवार के दो भाइयों के बच्चे हैं। परिजनों के अनुसार सोमवार को स्कूल से छुट्टी होने के बाद दोनों मोबाइल रिपेयर करवाने के लिए थाना कलां बाजार गए थे। इसके बाद दोनों घर वापस नहीं लौटे।
मामले में एक और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया है। परिजनों के अनुसार घर से करीब 2000 रुपये की नकदी भी गायब है। पुलिस ने थानाकलां बाजार में मोबाइल रिपेयर की दुकानों पर भी जानकारी जुटाई।
दुकानदारों के अनुसार दोनों बच्चे मोबाइल रिपेयर करवाने के लिए वहां नहीं पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने बाजार और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय राणा ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच सहित विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और बच्चों की तलाश जारी है।