ऊना। जिले में वीरवार को दो कोरोना संक्रमितों की मौत हुई। अब मौत का आंकड़ा 245 पहुंच गया है। इसके अलावा वीरवार को संक्रमण का एक मामला सामने आया है।
जिला में वीरवार को घनारी तहसील के तहत मवा कोहलां की 64 वर्षीय एक महिला की मौत होने का मामला सामने आया है। मृतक गगरेट अस्पताल में 31 जुलाई को कोरोना से संक्रमित पाया गया। इसके बाद उसे पालकवाह कोविड अस्पताल में शिफ्ट किया गया। पालकवाह में उसकी हालत गंभीर न होने के चलते 31 जुलाई को ही उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया जहां दो अगस्त को उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके अलावा चताड़ा का एक व्यक्ति पांच अप्रैल को कोरोना संक्रमित पाया गया। इसके बाद उन्हें होम आइसोलेट किया गया।
स्वास्थ्य खराब होने पर 11 अप्रैल को उन्हें कोविड अस्पताल हरोली में शिफ्ट किया गया। 12 अप्रैल को मोहाली के एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया। 30 अप्रैल तक संक्रमित का उपचार निजी अस्पताल में चलता रहा। इसके बाद उसे दूसरे निजी अस्पताल में एक मई को ले जाया गया। 23 मई के बाद मरीज का घर पर ही उपचार चलता रहा। 15 जून को एक बार फिर संक्रमित की तबीयत खराब हुई। उसे तीसरे निजी अस्पताल में 15 जून को ले जाया गया। 22 जून को संक्रमित व्यक्ति की मौत हो गई। निजी अस्पतालों से देरी से रिकॉर्ड मिलने के कारण इस मौत को रिकॉर्ड होने में समय लग गया।
वीरवार को रैपिड एंटीजन टेस्ट में 786 टेस्ट किए गए। इसमें घनारी के गोंदपुर बनेहड़ा से एक मामला पॉजिटिव आया। इसके अलावा आरटीपीसीआर रिपोर्ट में जिला में कोई मामला सामने नहीं आया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रमन शर्मा ने बताया कि जिले में कोरोना संक्रमित दो लोगों की मौत हुई है।