संवाद न्यूज एजेंसी
हरोली (ऊना)। जिले में वन विभाग ने अवैध लकड़ी की तस्करी का कारोबार करने वालों के खिलाफ मुहिम चला रखा है। इसी कड़ी में पंडोगा के समीम लकड़ी से लदे एक ट्रक और पिकअप को विभाग की टीम ने कब्जे में लिया।
वाहनों में लदी लकड़ी को पंजाब के होशियारपुर ले जाया जा रहा था। मामले में वन विभाग ने दोनों वाहन चालकों से 15 हजार जुर्माना वसूला।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह तड़के वन विभाग के आरओ संजीव ठाकुर की अगुवाई में टीम ने ऊना होशियारपुर के गांव पंडोगा में नाका लगाया हुआ था।
इस दौरान पंडोगा से होशियारपुर की ओर एक ट्रक व एक पिकअप जीप को रोककर जब जांचा तो उनमें सिंबल व ओई की लकड़ी भरी हुई थी, जिसे पंजाब में बेचने के लिए ले जाया जा रहा था।
आरोपी चालक मौके पर लकड़ी संबंधित कागजात एवं परमिट दिखाने में असमर्थ रहे। आरओ ने मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी। दिशा-निर्देश मिलने पर दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया।
इस दौरान दोनों वाहन चालकों से वन विभाग ने 15 हजार जुर्माना वसूला। मामले की पुष्टि करते हुए आरओ ऊना संजीव ठाकुर ने बताया कि जुर्माना भर देने के बाद दोनों वाहनों को छोड़ दिया गया।