जिला कोषागार कार्यालय की नई बिल्डिंग के पास झुग्गी-झोपड़ी में चला रहे थे नशे का कारोबार
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिला कोषागार कार्यालय की नई बिल्डिंग के पास झुग्गी-झोपड़ी में गांजा बेच रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 148 ग्राम गांजा बरामद किया। आरोपियों के खिलाफ सदर थाना ऊना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार शनिवार को चौकी शहर ऊना में तैनात एएसआई राजीव कुमार टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान सुबह करीब 10:50 बजे उन्हें गुप्त सूचना मिली कि कालिया पेट्रोल पंप के पीछे जिला कोषागार कार्यालय की नई बिल्डिंग के पास बनी झुग्गी में बिहार निवासी दो युवक गांजा बेचते हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने 11:30 बजे झुग्गी पर दबिश दी।
पुलिस ने मौके पर मौजूद राम कुमार पुत्र अशोक शाह निवासी लखीसराय, बिहार तथा विशाल कुमार पुत्र मेघन सिंह निवासी वैशाली, बिहार को काबू किया। झुग्गी की तलाशी लेने पर टीनपोश कमरे में गद्दे के नीचे काले रंग के पाॅलिथीन बैग में अखबार में लिपटी 39 पुड़ियां बरामद हुईं। पूछताछ में आरोपियों ने माना कि पुड़ियों में गांजा है। पुलिस ने सभी पुड़ियों को डिजिटल तराजू पर तौला। पॉलीथिन सहित कुल वजन 148 ग्राम पाया गया। बरामद गांजा को कब्जे में लेकर सील किया गया और मौके पर ही जरूरी कार्रवाई पूरी की गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि मामले की जांच जारी है। आरोपी कब से इस धंधे में शामिल थे और गांजा कहां से लाते थे, इस दिशा में पुलिस कार्रवाई कर रही।