कांगड़ा निवासी ट्रक चालक से चोरी हुआ सामान बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। अब पुलिस ने टायर रिपेयर की दुकान में हुई चोरी की गुत्थी को सुलझाते हुए एक ट्रक चालक को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार अंदौरा निवासी अश्वनी कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह अंब स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह के पास टायर रिपेयर का काम करता है। 31 मार्च की शाम को अपनी दुकान बंद करके घर चला गया था। लेकिन जब उसने दो अप्रैल को दुकान खोली तो वहां से आठ जैक और अन्य सामान गायब पाया। आरोपी ट्रक चालक की पहचान अमित कुमार निवासी अलोह तहसील रक्कड़ जिला कांगड़ा के तौर पर हुई।
अन्वेषण अधिकारी मुख्य आरक्षी विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी और अन्य साक्ष्यों से पता चला कि चोरी वाली रात वहां एक संदिग्ध ट्रक खड़ा था। शिकायतकर्ता की ओर से की गई पहचान और पुख्ता सबूतों के आधार पर पुलिस ने पांच अप्रैल को ट्रक चालक को उसके गृह क्षेत्र से पकड़ लिया। आरोपी ने आठ जैक चोरी किए थे, जिनमें से इसने पांच ज्वार के पास से बरामद किए गए।
एसडीपीओ अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। आरोपी को सोमवार को अदालत के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। फिलहाल पुलिस इस मामले में गहराई से पूछताछ कर रही, ताकि चोरी के अन्य पहलुओं का पता लगाया जा सके।