ऊना। जिला ऊना के गांव घंडावल स्थित वन विभाग नर्सरी में वन विभाग की कस्टडी में रखा एक जब्त ट्रक अचानक आग लगने से जलकर राख हो गया। यह ट्रक वन विभाग की टीम ने वर्ष 2019 में जब्त किया था और मामला अभी कोर्ट में विचाराधीन है। आग लगने के कारणों का फिलहाल कोई पता नहीं चल पाया है।
सोमवार सुबह वन विभाग की नर्सरी में अचानक आग भड़क उठी, जिसकी लपटों ने पास में खड़े ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेज थी कि ट्रक कुछ ही देर में पूरी तरह जलकर राख हो गया। इसके अलावा नर्सरी में डंप किया गया 11 क्विंटल बालन भी आग की भेंट चढ़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अग्निशमन उप अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि टीम ने मौके पर पहुंचकर अन्य जब्त गाड़ियों और लकड़ी के डंप को बचा लिया। ट्रक में आग कैसे लगी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि आग लगने के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है और सभी संभावित पहलुओं की जांच की जाएगी।