छतें और दीवारें जर्जर, नालियों में जमा पानी व झाड़ियों से सांपों का डर सैकड़ों लोग रोजाना पहुंचते हैं कार्यालयों में
विज्ञापन
पड़ताल संवाद न्यूज एजेंसी ऊना। मिनी सचिवालय के साथ सटे सरकारी कार्यालयों के भवन विभागीय अनदेखी के चलते बदहाली का शिकार हैं। कहीं दीवारों और छतों पर पेड़ उग आए हैं तो कहीं जंगली घास और झाड़ियों ने जगह बना ली है। जिला प्रशासन के पुराने भवन, तहसीलदार रिकवरी कार्यालय, उपभोक्ता फोरम और लोक निर्माण विभाग मंडल ऊना के भवनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
जिला प्रशासन के पुराने भवन की दीवारों और छतों पर पेड़ व जंगली घास उगी हुई है। इस भवन में जल शक्ति विभाग, जिला बाल संरक्षण अधिकारी, आत्मा परियोजना और विकास खंड कार्यालय सहित कई कार्यालय चल रहे हैं। उपभोक्ता फोरम के भवन के छज्जों पर भी पेड़ और घास उग आई है। वहीं, लोक निर्माण विभाग मंडल कार्यालय की दीवारों पर पेड़ उगने के साथ ऊपरी मंजिल की लकड़ी भी जगह-जगह से उखड़ रही है। ऐसे में लकड़ी के हिस्से गिरने से किसी भी समय हादसा हो सकता है।
विज्ञापन
मिनी सचिवालय के आसपास नालियों में पानी जमा है और भवनों के किनारे झाड़ियां उगी हुई हैं। यहां सांप निकलने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद सफाई और रखरखाव की व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ है। रोजाना सैकड़ों लोग इन कार्यालयों में अपने काम करवाने पहुंचते हैं। ऐसे में जर्जर भवनों और आसपास फैली अव्यवस्था से आमजन की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
मिनी सचिवालय परिसर में सुंदरता के लिए बनाई गई क्यारियों की टाइलें भी कई जगह से टूट चुकी हैं। सिंचाई की उचित व्यवस्था न होने से सजावटी पौधे मुरझा रहे हैं। सरकारी संपत्ति के रखरखाव में बरती जा रही अनदेखी से परिसर की सुंदरता भी प्रभावित हो रही है।
उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने कहा कि संबंधित विभागों के अधिकारियों से इस संबंध में जवाब तलब किया जाएगा। भवनों और परिसर में जो भी अव्यवस्थाएं हैं, उन्हें जल्द दुरुस्त करवाया जाएगा, ताकि सरकारी संपत्ति को नुकसान न पहुंचे और आमजन भी प्रभावित न हों।
पुराने जिला प्रशासन कार्यालय भवन के बाहर नालियों जाम पानी में उगी घास और दीवारों पर जमी जंगली घ
पुराने जिला प्रशासन कार्यालय भवन के बाहर नालियों जाम पानी में उगी घास और दीवारों पर जमी जंगली घ