फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Una News: रोजाना खतरे के साये में सफर करना बना मजबूरी

Mon, 23 Mar 2026 12:28 AM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ऊना
विज्ञापन
विज्ञापन
बड़ूही (ऊना)। उपमंडल अंब के अंतर्गत पंचायत टकारला के वार्ड-3 में स्थित सुरंग से मुख्य बाजार को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग इन दिनों बेहद जर्जर और खतरनाक स्थिति में पहुंच चुका है। लगभग दो किलोमीटर लंबा यह मार्ग अब गड्ढों से भरा हुआ है, जिससे आमजन का आवागमन खतरे से कम नहीं हो गया है।
विज्ञापन

हालत इतनी खराब हो गई है कि इस मार्ग से गुजरना किसी भी वाहन चालक के लिए सुरक्षित नहीं है। इसके बावजूद सैकड़ों ग्रामीण रोजाना खतरा मोल लेकर इस रास्ते का उपयोग करने को विवश हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन चुके हैं, जिनमें वाहन फंस जाते हैं और कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग मुसीबत से कम नहीं है, क्योंकि कई लोग गिरकर घायल हो चुके हैं।
बरसात के दौरान सड़क की हालत और भी खराब हो जाती है। हल्की बारिश के बाद ही सड़क पर पानी भर जाता है, जिससे पूरा मार्ग तालाब जैसा दिखने लगता है। इसके अलावा, रात के समय स्ट्रीट लाइट की समुचित व्यवस्था न होने के कारण यह मार्ग और भी खतरनाक बन जाता है।
विज्ञापन

चिंता की बात यह है कि स्कूली बच्चे भी इसी खतरनाक और जर्जर रास्ते से होकर स्कूल जाते हैं, जिससे अभिभावकों में लगातार भय बना हुआ है। इसके साथ ही मरीजों और बुजुर्गों को अस्पताल तक पहुंचाना भी अब एक बड़ी चुनौती बन चुका है।
लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता वरिंद्र वर्मा ने बताया कि समस्या उनके संज्ञान में है और अप्रैल-मई के दौरान इस सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
पूर्व उपप्रधान राजीव शर्मा ने प्रशासन की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पहले यह सड़क किसी तरह चलने योग्य थी, लेकिन पिछले तीन साल से यह टूटी पड़ी है। उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार शिकायतें दी गईं, लेकिन केवल औपचारिकता पूरी की गई और स्थायी समाधान नहीं किया गया।
स्थानीय निवासी जोगिंद्र सिंह ने कहा कि यह मार्ग क्षेत्र की जीवन रेखा है, लेकिन इसकी लगातार अनदेखी की जा रही है। लोगों को रोजाना इस खतरनाक रास्ते से गुजरने के लिए जोखिम उठाना पड़ रहा है, जबकि प्रशासन केवल आश्वासन देता है, लेकिन समस्या का कोई स्थायी हल नहीं निकल रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें