ऊना। जिले में विदेश भेजने के नाम पर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। हरोली विधानसभा के गांव पंडोगा निवासी एक युवक ने एजेंट पर करीब आठ लाख रुपये ऐंठने और उसका पासपोर्ट अपने पास रखकर उसे विदेश जाने से वंचित करने का आरोप लगाया है।
पीड़ित ने शनिवार को मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ से की है, जिस पर एसपी ने त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पीड़ित करण दीप ने आरोप लगाया कि आरोपी सारिका ठाकुर और अमित कटवाल नामक एजेंटों ने उसे पहले पोलैंड भेजने का झांसा दिया। बाद में स्लोवाकिया वीजा के नाम पर प्रक्रिया शुरू की गई लेकिन आरोपियों ने उसका पासपोर्ट अपने पास रखा।
कई बार मांगने के बावजूद पासपोर्ट वापस नहीं किया गया। बताया जा रहा है कि वीजा अवधि समाप्त होने से ठीक पहले पासपोर्ट लौटाया गया, जिसके चलते युवक एयरपोर्ट से ही वापस लौटने को मजबूर हो गया और उसका विदेश जाने का सपना टूट गया।
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने उससे अलग-अलग समय पर करीब 7.5 से आठ लाख रुपये तक की राशि वसूली। हर बार नए बहाने बनाकर आश्वासन दिया जाता रहा लेकिन न तो वीजा प्रक्रिया पूरी हुई और न ही पैसा लौटाया गया। करण दीप का आरोप है कि जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने उसके परिजनों को धमकाना शुरू कर दिया।
इससे मामला अब ठगी के साथ डराने-धमकाने तक पहुंच गया। युवक ने शिकायत में बताया कि आरोपी एजेंटों का कार्यालय ऊना शहर में अंब सड़क पर स्थित है। उधर, पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने शिकायत मिलने के बाद मामले का संज्ञान लेते हुए शीघ्र जांच और कार्रवाई का भरोसा दिया है।