ऊना। जिले में 23 अप्रैल को त्यूड़ी में शराब ठेके से लूट और फिर 25 अप्रैल मध्यरात्रि बहडाला पेट्रोल पंप में लूट प्रयास मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों को शनिवार को दोबारा अदालत में पेश किया गया। इस दौरान आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए गए। आरोपियों से पूछताछ में पुलिस के हाथ कई अहम तथ्य लगे हैं, जिसके आधार पर 15000 रुपये की नकदी, तेजधार हथियार और टॉय गन (एयर गन) बरामद कर लिए गए। आरोपियों से हथियार व नकदी पंजाब के जालंधर स्थित अपने घर में छिपाकर रखे थे। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अनमोल दत्त पुत्र विजय कुमार निवासी संतोखपुरा, जालंधर और सुरजीत सिंह पुत्र बलवीर सिंह निवासी नकोदर, जालंधर के तौर पर हुई है। वहीं उनका एक साथी अभी पकड़ से बाहर है।
तीसरे आरोपी के करीब पहुंची पुलिस
एसएचओ गौरव भारद्वाज की अगुवाई में जांच में जुटी थाना सदर पुलिस तीसरे आरोपी के करीब पहुंच गई है। सूत्रों के अनुसार तीसरे आरोपी को पुलिस सोमवार तक गिरफ्तार कर सकती है। इसके लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं और उनके हाथ कुछ अहम इनपुट लगे हैं। अलग-अलग दिन हुई उक्त दोनों घटनाओं के आरोपी एक ही हैं। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि लूट मामले के दो आरोपियों को अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेजा है। तीसरे युवक को भी जल्द काबू किया जाएगा।