नंगल/ऊना। हिमाचल से वाया नंगल होकर चंडीगढ़ जाने वाले मुख्य मार्ग पर नंगल ट्रक यूनियन के निकट बने मुख्य रेलवे क्रॉसिंग फाटक को रेलवे विभाग ने10 और 11 नवंबर को दो दिन तक बंद रखने का निर्णय लिया है। रेलवे की ओर से इस बात की जानकारी जिला प्रशासन को दी गई है। उधर इस मामले में जिले के तमाम ट्रैफिक नियंत्रण विभाग से भी सहयोग मांगा गया है।
उत्तर रेलवे विभाग के सीनियर सेक्शन अभियंता ने उपायुक्त रूपनगर को पत्र लिख कर नंगल के ट्रक यूनियन चौक के निकट मुख्य मार्ग पर बने रेलवे क्रॉसिंग गेट को 2 दिन के लिए बंद रखने की जानकारी दी है। हिमाचल से चंडीगढ़ तक जाने वाले उक्त राज्य मार्ग पर बने इस रेलवे क्रॉसिंग फाटक के 2 दिन तक लगातार बंद किए जाने से 10 और 11 नवंबर को ट्रैफिक कर्मचारियों को ट्रैफिक काबू करने में बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
नॉर्दर्न रेलवे विभाग की ओर से जारी की गई अधिसूचना के अनुसार राज्यमार्ग पर रेलवे ट्रैक की वार्षिक रिपेयर करने के लिए ही यह निर्णय लिया गया है। रेलवे क्रॉसिंग फाटक को दो दिन तक बंद करने की जानकारी, एसडीएम नंगल, थाना प्रभारी, पजाब रोडवेज नंगल डिपो, इंचार्ज जीआरपी व आरपीएफ व ट्रक यूनियन नंगल को भी दी गई है।
यह होगा नया रूट मैप
हिमाचल से आने वाले और चंडीगढ़ से जाने वाले छोटे वाहनों को हाइडल कैनाल नहर के किनारे से नंगल डैम पर पहुंचाया जाएगा, जबकि बड़े वाहनों को यहां से 16 किलोमीटर पहले श्री आनंदपुर साहिब से ही वाया कलमा मोड़ होते हुए मोजोवाल से नंगल डैम पर निकाला जा सकता है। इसके अलावा और कोई भी रूट नहीं है, जहां से वाहनों की आवाजाही को सुनिश्चित किया जा सके। इस प्रक्रिया में 2 दिन तक लोगों को भारी परेशानी से गुजरना होगा।