मुबारिकपुर में जाम में फंसे मुसाफिर।
- फोटो : अमर उजाला
यहां करीब दस लाख से लगाई गईं ट्रैफिक लाइट्स भी लोगों को जाम की समस्या से निजात नहीं दिला पाई हैं। सोमवार को मां चिंतपूर्णी के दर्शन कर लौट रहे सैकड़ों श्रद्धालु मुबारिकपुर चौक के पास जाम में फंस गए। चौक पर जाम लगने से सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे पहले रविवार शाम को भी मुबारिकपुर चौक पर जाम लगने से कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। इससे वाहनों में सफर कर रहे पर्यटकों के पसीने तक निकल गए। आए दिन चौक पर जाम लगने के कारण वाहन चालकों समेत स्थानीय लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
चौक पर ट्रैफिक लाइट रेड होने के साथ ही भरवाईं और गगरेट रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। जब तक ट्रैफिक लाइट का ग्रीन सिग्नल मिलता है, वाहन जाम से निकलते-निकलते फिर रेड सिग्नल होने से जाम में फंस जाते हैं। कई बार मुबारिकपुर चौक पर जाम लगने से वाहनों की कतार बांबे पिकनिक स्पॉट तक पहुंच जाती है। लोगों का कहना है कि ट्रैफिक लाइट्स की टाइमिंग सही नहीं है, जिसकी वजह से जाम लग रहा है। पवन कुमार, विक्की, दविंद्र, उमेश कुमार, दिनेश, राम कुमार, पंकज, विनोद, तरसेम, विपिन, ज्ञान चंद, देव राज आदि ने प्रशासन से मांग की है कि मुबारिकपुर जाम की समस्या हल की जाए और स्थानीय सड़क को चौड़ा कर चौक पर गोल चक्कर बनाया जाए।
लाइट़्स की टाइमिंग करेंगे दुरुस्त : डीएसपी
डीएसपी अंब जितेंद्र चौधरी ने माना कि ट्रैफिक लाइट्स की टाइमिंग में गड़बड़ी की वजह से मुबारिकपुर चौक में जाम की समस्या पेश आ रही है। इसको लेकर एसडीएम से बात की गई है। चंडीगढ़ से तकनीशियन बुलाया गया है। जल्द इस समस्या का हल हो जाएगा।