शौचालयों की साफ-सफाई के लिए अतिरिक्त कर्मी होंगे तैनात
संवाद न्यूज एजेंसी
भरवाईं (ऊना)। चिंतपूर्णी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। जिला प्रशासन ने आदेश जारी किए हैं कि मंदिर क्षेत्र के आसपास बने शौचालय 24 घंटे खुले रहेंगे। इसके अलावा शौचालयों की साफ-सफाई व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती की जाएगी। मंदिर ट्रस्ट की मीटिंग में इस प्रस्ताव पर सहमति जताई गई कि चिंतपूर्णी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शौचालयों को 24 घंटे खुला रखना उचित होगा। इसके बाद उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने इस पर सहमति जताई और अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती के लिए भी कहा गया।
बॉक्स
सुलभ इंटरनेशनल के जिम्मे रहेगी व्यवस्था
शौचालयों के रखरखाव का जिम्मा सुलभ इंटरनेशनल के पास है। सुलभ इंटरनेशनल के इंचार्ज अभय कुमार ने बताया कि ट्रस्ट की मीटिंग में ऐसा निर्णय लिया गया था, लेकिन अभी तक शौचालय रात 10 बजे तक खुले रहते हैं। उन्होंने कहा कि डीसी ऊना के आदेश मिलते ही शौचालयों को 24 घंटे के लिए खुला रखा जाएगा। कहा कि इस निर्णय से श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी, जो अब किसी भी समय शौचालयों का उपयोग कर सकेंगे। इससे मंदिर क्षेत्र की स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा में भी सुधार होगा।