इच्छुक अभ्यर्थी 10 दिन के भीतर जिला श्रम कल्याण अधिकारी कार्यालय में करें संपर्क
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से पंजीकृत श्रमिकों और उनके आश्रितों के लिए निशुल्क कौशल पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इनमें प्रोडक्शन मशीन ऑपरेटर, स्टेराइल फार्मुलेशन ग्रनुलेशन, पैकिंग टेबलेट्स और कैप्सूल, मैन्युफैक्चरिंग एंड पैकेजिंग असिस्टेंट, फार्मा, बायोलॉजिक्स और मेडिकल डिवाइसेस, मेडिकल सेल्स रिप्रेजेंटेटिव, एसोसिएट-रेगुलेटरी अफेयर्स एंड इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी पाठ्यक्रम शामिल हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 10 दिन के भीतर जिला श्रम कल्याण अधिकारी कार्यालय ऊना में संपर्क कर सकते हैं। यह जानकारी जिला श्रमिक कल्याण अधिकारी अमन शर्मा ने दी।
अमन शर्मा ने बताया कि इन पाठ्यक्रमों का लाभ लेने के लिए अभ्यर्थी की आयु 18 वर्ष होने के साथ 10वीं, 12वीं, स्नातक और बीटेक अंतिम वर्ष (संबंधित क्षेत्र में) या बी. फार्मा अंतिम वर्ष या एमएससी (संबंधित विषय) में शैक्षणिक योग्यता होना अनिवार्य है। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड ऊना में पंजीकृत श्रमिक या उनके आश्रित जो प्रशिक्षण पूरा होने पर कर्मचारी चयन समिति की ओर से प्रदान किए गए वेतन और स्वरोजगार लेने के इच्छुक व्यक्तियों को नामांकित किया जाएगा। नामांकित उम्मीदवारों के पास संबंधित नौकरी भूमिका के अनुसार सेक्टर कौशल परिषद की ओर से निर्धारित योग्यता होनी चाहिए। नामांकन से पहले प्रशिक्षु को वेतन, स्वरोजगार के लिए अपनी इच्छा के साथ संपर्क के बिंदुओं, अभिभावकों का विवरण और लिखित में उनकी सहमति देनी अनिवार्य होगी।