सेमिनार में उपस्थित विद्यार्थी।
- फोटो : अमर उजाला
राजकीय पीजी कॉलेज ऊना में शनिवार को एमबीए और एमसीए विभाग के विद्यार्थियों के लिए कैरियर गाइडेंस सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार की अध्यक्षता कॉलेज प्राचार्य डॉ. एसके चावला ने की। जबकि, इस दौरान एमबीए विभाग के समन्वयक डॉ. एसके बंसल सहित एमसीए विभाग के समन्वय प्रो. मीता शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित थे।
कार्यक्रम में चंडीगढ़ से आए कंपनी प्रतिनिधियों ने एमबीए और एमसीए के विद्यार्थियों को कॉरपोरेट के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। जेडसीसी ग्रुप आफ कॉरपोरेट के मैनेजर सतपाल सिंह ने बताया कि एमबीए और एमसीए प्रोफेशनल कोर्स पूरा कर लेने के बाद विद्यार्थी को नौकरी की तलाश होती है। इसलिए अपने कैरियर के बारे में यदि विद्यार्थियों को पहले से जानकारी होगी तो विद्यार्थियों को कोर्स पूरा करने के बाद उनको परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ कंपनियों में अपना बॉयोडाटा भी भेज सकते हैं। एचआर मैनेजर नवनीत कौर ने बताया कि कंपनियों को एमबीए तथा एमसीए होल्डर की डिमांड रहती है। लड़कियों के लिए भी इस सेक्टर में नौकरी की कोई कमी नहीं है। कॉलेज प्राचार्य डॉ. एसके चावला ने बताया कि कॉलेज में चल रहे प्रोफेशनल कोर्स एमबीए, एमसीए तथा पीजीडीसीए सहित अन्य कोर्सों के विद्यार्थियों के लिए समय-समय पर ऐसे सेमिनार का आयोजन किया जाता है, जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके। इस अवसर पर गुरसिमरत सिंह, एचआर नवनीत कौर, प्रो. अंजलि शर्मा, प्रो. विवेक, प्रो. मानव, प्रो. उपासना, प्रो. अनिल सहित अन्य उपस्थित थे।