अंब(ऊना)। अंब-ऊना रोड पर आईसीआईसीआई बैंक के पास वीरवार सुबह एक सड़क हादसे में तीन लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार सुबह करीब साढ़े दस बजे एक स्कूटी ऊना की ओर से अंब की तरफ जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार बाइक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी और बाइक पर सवार तीनों व्यक्ति सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
घटना के समय स्थानीय लोगों ने घायलों को निजी वाहन के जरिये तुरंत नागरिक अस्पताल अंब पहुंचाया। घायलों की पहचान स्कूटी चालक राजेंद्र कुमार निवासी अंब, बाइक चालक सुमित कुमार निवासी बद्दी और बाइक पर पीछे बैठे विपुल डोगरा निवासी अंब के रूप में हुई है। एसडीपीओ अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।