गगरेट (ऊना)। श्री रामलला की जन्मभूमि अयोध्या में राम भक्तों के लिए लगाए जा रहे हिमाचली धाम के लंगर के लिए गगरेट से एक और ट्रक राशन लेकर रवाना हो गया है। हिमाचल भाजपा की ओर से लगाए लंगर की देशभर में चर्चा हो रही है। ट्रक को वर्ष 1992 में अयोध्या में कारसेवा करने वाले दौलतपुर चौक के मोहन लाल ने पूर्व विधायक राजेश ठाकुर की मौजूदगी में विधिवत पूजा-अर्चना कर रवाना किया।
खास बात यह है कि द विशाल हिमाचल गुड्स ट्रांसपोर्ट सोसायटी द्वारा इस राशन को लंगर स्थल तक पहुंचाने के लिए लगातार तीसरा निशुल्क ट्रक भेजा गया है। अयोध्या में राम भक्तों के लिए लगाए जा रहे हिमाचली धाम के लंगर को देश भर में ख्याति मिल रही है। हिमाचली धाम ने इस कद्र राम भक्तों को अपनी ओर आकर्षित किया कि लंगर स्थल पर राम भक्तों की लाइन टूटने का नाम तक नहीं ले रही। हिमाचली धाम में परोसे जा रहे खट्टे के लोग दीवाने हुए जा रहे हैं।
हिमाचली धाम का लंगर निर्बाध चलता रहे, इसके लिए गगरेट के लोग दिल खोलकर राशन सामग्री दान कर रहे हैं। बताया जा रहा कि हिमाचली धाम के लंगर में रोजाना 10 से 12 हजार लोग भोजन ग्रहण कर रहे हैं। हिमाचली धाम के लंगर व्यवस्था प्रमुख पूर्व विधायक एवं प्रदेश भाजपा सचिव राजेश ठाकुर ने बताया कि इस लंगर के लिए अकेले विधानसभा क्षेत्र गगरेट के लोगों ने ही राशन की व्यवस्था संभाली है।