अतिक्रमण करने पर दुकानदार को चेतावनी देते अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
रोड सेफ्टी क्लब ऊना ने अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत पुलिस के नेतृत्व में ऊना-नंगल और ऊना-हमीरपुर हाइवे पर अतिक्रमण फैला रहे लोगों के साथ सख्ती से निपटा। रोड सेफ्टी क्लब की इस कार्रवाई से कारोबारियों में हड़कंप मच गया और सड़क किनारे रखे सामान को समेटने में जुट गए।
इस मुहिम की आम लोगों ने भी सराहना की। सुबह करीब साढ़े 11 बजे शुरू हुए अभियान में क्लब अध्यक्ष विजय डोगरा तथा थाना प्रभारी शेर सिंह ठाकुर ने अपनी अहम भूमिका निभाई। जैसे ही टीम अतिक्रमण हटाने लगी तो व्यापारियों ने स्वयं ही सड़क किनारे रखे अपने सामान को हटाना शुरू कर दिया। क्लब अध्यक्ष ने कहा कि यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के सहयोग से शहर को सुंदर बनाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दुकानदार पुलिस को व्यवस्था बनाने में सहयोग दें और अतिक्रमण न करें, जिससे शहर में यातायात और व्यवस्थाएं बेहतर बनी रह सकें।
उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने के लिए किसी पर जबरन कार्रवाई नहीं की जाएगी, बल्कि आपसी तालमेल से इस अभियान को सफल बनाया जाएगा। उन्होंने अतिक्रमण फैलाने वाले व्यापारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अतिक्रमण नहीं हटाते हैं, तो सामान जब्त कर लिया जाएगा। इस अवसर पर ट्रैफिक इंचार्ज कुलदीप सिंह, हेड कांस्टेबल पवन, धर्मचंद, अमन शर्मा, एएसआई गुलेरिया, एसएन शुक्ला, जोगिंद्र शर्मा, बलविंद्र सिंह, विजय कुमार, बलवीर सिंह, प्रधान टैक्सी यूनियन सहित अन्य भी उपस्थित रहे।