क्षेत्रवासियों के मांगपत्र पर रेलवे बोर्ड के अधिकारियों ने किया साफ
केपी पांजला
ऊना। हरिद्वार से जिले के अंब-अंदौरा आने-जाने वाली रेलगाड़ी (64511) के समय में बदलाव फिलहाल संभव नहीं है। क्षेत्रवासियों ने इसका समय बदलने के लिए मुरादाबाद रेल मंडल को ऑनलाइन मांग-पत्र भेजा था। पत्र में कहा गया कि रेलगाड़ी का हरिद्वार से प्रस्थान समय सुबह 04:30 बजे है, जो यात्रियों के लिए असुविधाजनक और असुरक्षित है। लोगों ने आग्रह किया था कि ट्रेन का हरिद्वार से प्रस्थान समय बढ़ाकर सुबह 07:05 बजे किया जाए।
इससे पूर्व बंगाणा और अंब क्षेत्र के लोगों ने भी यही मांग उठाई थी। यात्रियों का कहना है कि सुबह साढ़े चार बजे ट्रेन पकड़ने में भारी दिक्कत आती है, न समय से तैयार हो पाते हैं और न ही स्नान आदि हो पाता है।
क्षेत्रवासियों की अपील पर मुरादाबाद रेलवे मंडल ने स्पष्ट किया है कि किसी भी ट्रेन के समय में परिवर्तन का अधिकार रेलवे बोर्ड के पास है। जहां तक ट्रेन संख्या 64511 की बात है, इसका रैक ट्रेन संख्या 64563/64564 से जुड़ा हुआ है, इसलिए इसमें समय परिवर्तन परिचालन की दृष्टि से संभव नहीं है। समय बदलने से दैनिक यात्रियों को एसआरई के अतिरिक्त मिलने वाले लाभ प्रभावित होंगे।
बंगाणा के धुंधला क्षेत्र के निवासी अरुण कौशल ने बताया कि रेलवे को भेजे गए पत्र का जवाब उन्हें मिल गया है।
ऊना से हरिद्वार का किराया 75 रुपये
ऊना, हमीरपुर और प्रदेशवासियों की मांग पर जुलाई 2025 में रेलवे बोर्ड ने इस रूट का विस्तार हरिद्वार तक किया था। उस समय पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हरी झंडी दिखाकर सेवा का शुभारंभ किया था। ऊना से हरिद्वार का किराया 75 से 80 रुपये होने के कारण प्रदेशभर के अनेक यात्री इस ट्रेन में सफर करते हैं।
कोट्स
हरिद्वार-अंब-अंदौरा रेलगाड़ी के समय में बदलाव संभव नहीं है। इसका रैक ट्रेन संख्या 64563/64564 से जुड़ा हुआ है। समय परिवर्तन दैनिक यात्रियों को मिलने वाले अतिरिक्त लाभों को प्रभावित करेगा। रेलवे बोर्ड यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाजनक सफर के प्रति पूरी तरह गंभीर है। -परितोष गौतम, एडीआरएम, डीआरएम मुरादाबाद, रेलवे प्रभाग