थानाकलां (ऊना)। दीपावली के अवसर पर इस बार बंगाणा क्षेत्र के बाजारों में जबरदस्त रौनक रही। मिठाई और पकवानों की दुकानों पर सुबह से देर रात तक ग्राहकों की भीड़ लगी रही। विशेषकर जलेबी और पकौड़ों की बिक्री में जबरदस्त उछाल देखने को मिला।
त्योहार के दौरान डालडा घी की जलेबी अलग-अलग दुकानों पर 150 रुपये से 190 रुपये प्रति किलो तक बिकी। देसी घी की जलेबी 300 रुपये से 400 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई। दुकानदारों के अनुसार, देसी घी की बढ़ी कीमतों के बावजूद ग्राहकों ने स्वाद और परंपरा से समझौता नहीं किया। पकौड़े 200 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से बिके। दीपावली पर्व को लेकर इस बार ग्राहक मौके पर ही बनने वाले ताजा मिष्ठानों की खरीद करने को तवज्जो देते नजर आए हैं।
दीपावली पर लोगों ने खासतौर पर देसी घी की जलेबी और पकौड़े की मांग की। इस बार बिक्री पिछले साल की तुलना में ज्यादा रही।
- विशाल, स्थानीय मिठाई विक्रेता
त्योहार पर देसी घी का स्वाद ही कुछ और होता है, चाहे थोड़ा महंगा ही क्यों न हो। महंगाई के बावजूद बाजारों में रौनक बनी रही और दीपों के इस त्योहार को मिठास और स्वाद के साथ मनाया।
- मोनिका, ग्राहक
त्योहरी सीजन में लोग ज्यादातर ताजे मिष्ठान का सेवन करने की खरीद को ही तवज्जो दे रहे हैं। सेहत के नजरिये से सह बात सबसे सही है। बाजारों में अन्यथा मिलावट का बोलबाला है। विभाग और सरकार कोई भी सख्ती बरतती नजर नहीं आई है।
-रोशन लाल, ग्राहक
दीपावली पर्व पर ताजे और शुद्ध उत्पादों से बनी जलेबी और पकौड़े की इस बार खरीद बढ़ी है। लोग अपने अपने घरों को खुशी-खुशी खरीद कर ले गए हैं। धीरे-धीरे समय के साथ-साथ खानपान का ट्रेंड बदल रहा है। लोगों की पसंद भी बदल रही है और ताजे बन रहे उत्पादों की खरीद कर रहे हैं।
सुमन कुमारी, ग्राहक